HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

करोड़ों के चेक अटके

अजमेर. पंजाब नैशनल बैंक की नीतियों का विरोध कर रहे बैंक अफसरों व कर्मचारियों द्वारा ‘अतिरिक्त सहयोग’ वापस लेने से मंगलवार को बैंक की विभिन्न शाखाओं में स्थिति और गड़बड़ा गई। दूसरे दिन नए खाते नहीं खुल सके, 1 करोड़ रुपए के कर्ज के आवेदन अटक गए और 2.5 करोड़ रुपए से अधिक के चेक बाहर नहीं भेजे जा सके।

शहर की सभी शाखाओं समेत किशनगढ़ की दो, ब्यावर, पुष्कर और करकेड़ी स्थित बैंक शाखाओं में भी कार्य प्रभावित हुआ। सोमवार की रात को दी एंडिंग समय पर नहीं होने से मंगलवार सुबह कामकाज भी देरी से शुरू हुआ। बैंक शाखाओं में केवल उपभोक्ताओं को नकद भुगतान किए गए और राशि जमा की गई। शाम को भी बैंककर्मी पांच बजते ही कार्यालय छोड़ कर चले गए। कर्ज आवेदनों के निबटारे का काम अधिकतर कार्यालय समय के बाद ही होता है।

जारी रहेगा आंदोलन

पीएनबी बैंक एम्पलाइज यूनियन के सचिव रवि वर्मा ने बताया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। बैंक की सिनेमा रोड शाखा के मुख्य प्रबंधक रामेश्वरम मीणा ने बताया कि जिले की विभिन्न बैंक शाखाओं में लगभग 2.5 करोड़ रुपए के चेक बाहर नहीं भेजे जा सके। औसतन प्रत्येक शाखा में कर्ज के एक करोड़ रुपए के आवेदन भी लंबित हैं। नए खाते खुलने के लिए प्राप्त लगभग 300 से अधिक आवेदन भी लंबित हो गए हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: