HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

नकलची ने काटा हवलदार का अंगूठा

रायपुर. r हाईस्कूल (10वीं) की परीक्षा के दौरान राज्य के प्राय: सभी जिलों में नकल पकड़ी गई। रायपुर जिले के केवल बिलाईगढ़ विकासखंड में नकल ने पूरे राज्य का रिकार्ड तोड़ दिया। उड़नदस्ते ने बिलाईगढ़ के संवेदनशील परीक्षा सेंटरों में दबिश देकर थोक में केस बनाए। परीक्षा केंद्रों में छापे के दौरान नकलची विद्यार्थियों और उड़नदस्ते के बीच चिट छिनने को लेकर झूमाझटकी तक हुई। हायर सेकेंडरी स्कूल दुर्ग में एक विद्यार्थी ने हवलदार शिव राजयेत्री का अंगूठा अपने दांतों से काटकर घायल कर दिया।

हवलदार ने उसे नकल मारते हुए रंगे हाथों पकड़ा था। विद्यार्थी ने अपनी चिट छिनने के लिए पूरा जोर लगा दिया। हवलदार जब उस पर भारी पड़ने लगा तब उसने झुंझलाकर उसका अंगूठा दांतों में ले लिया। उड़नदस्ते के अफसरों ने किसी तरह हवलदार का हाथ छुड़वाया। छात्र का नकल केस बनाने के साथ-साथ उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने पर भी विचार किया जा रहा है। बताते हैं कि बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम सलोनी कला, दोगनी और जोरा स्कूल में जमकर नकल चल रही थी।

यहां जिला शिक्षा प्रशिक्षण केंद्र (डाइट) के दस्ते ने प्राचार्य आर. बाम्बरा के नेतृत्व में बारी-बारी सेंटर में छापे मारे। दस्ते को अचानक देखकर विद्यार्थियों के साथ-साथ परीक्षा केंद्र प्रभारी व परीक्षकों में भी खलबली मच गई थी। तीनों गांव के परीक्षा सेंटरों में 80 से ज्यादा केस पकड़े गए। माध्यमिक शिक्षा मंडल(माशिमं) के सूत्रों ने बताया कि छात्रों के साथ-साथ छात्राओं ने भी गाइड और कुंजी के पन्ने अपने कपड़ों में छिपाकर रखे थे। इधर, जिला शिक्षा अधिकारी शैल शांडिल्य की टीम ने बिरगांव, बंजारीधाम, सिलतरा, परसतराई, सिमगा, और तरपोंगी के परीक्षा केंद्रों में छापा मारकर नकल केस की जांच की। जिला शिक्षा विभाग के दूसरे दस्ते ने दौंदेकला परीक्षा केंद्र में दो केस पकड़े। माशिमं के चेयरमैन बीकेएस रे ने जांजगीर-चांपा जिले के परीक्षा सेंटरों में जांच की। उप-संचालक पीके पांड्ेय ने रायपुर शहर के परीक्षा सेंटरों को चेक किया।

कोई जिला नहीं रहा अछूता

बोर्ड परीक्षा के दौरान मंगलवार को कोई भी जिला ऐसा नहीं था, जहां नकल नहीं हुई। रायपुर जिले के बाद जशपुर जिले में 28 और बिलासपुर जिले में 35 नकलची पकड़े गए। राजनांदगांव में 8 व महासमुंद तथा दंतेवाड़ा जिले में 2-2 केस बनाए गए। बस्तर, कोरिया, कोरबा जिले में 10-10 से ज्यादा केस बने। रायगढ़ जिले में भी 24 विद्यार्थियों का केस बनाया गया। कुछ जिले से नकल केस की रिपोर्ट नहीं मिली थी।

परीक्षा सेंटर प्रभारी जांच के घेरे में

बिलाईगढ़ में सामूहिक नकल का केस सामने आने के बाद ब्लाक के शिक्षा अधिकारी और परीक्षा सेंटर प्रभारी जांच के घेरे में आ गए हैं। डाइट के उड़नदस्ते ने परीक्षा सेंटरों की स्थिति के बारे में माशिमं के अफसरों व जिला प्रशासन को रिपोर्ट दे दी है। माशिमं के चेयरमैन श्री रे ने पहले ही परीक्षा सेंटर प्रभारियों को चेतावनी दे दी थी। ऐसी दशा में संकेत हैं कि केंद्र प्रभारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: