अजमेर. आठवीं बोर्ड परीक्षा के पेपर आउट प्रकरण में प्रशासनिक जांच मंगलवार से शुरू हो गई। आरोपी 11 शिक्षकों से एडीएम-(द्वितीय) लालाराम गूगरवाल ने पूछताछ की। पेपर आउट करने वाले शिक्षकों के रैकेट में और नाम उजागर होने की संभावना है। आरोपी शिक्षकों को शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में तलब किया गया। यहां से उन्हें पूछताछ के लिए तोपदड़ा सीनियर सेकंडरी स्कूल भेजा गया।
सूत्रों के मुताबिक सभी शिक्षकों से लिखित में आरोपों के संबंध में स्पष्टीकरण लिखवाया गया। शिक्षकों की हैंड राइटिंग का आउट हुए नमूना प्रश्न पत्रों की हैंड राइटिंग से मिलान किया गया। शिक्षकों को तलब करने के लिए शिक्षा उपनिदेशक सुभाष मिश्र ने जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा शांतिलाल जैन को आदेश दिए थे।
यह हैं आरोपी शिक्षक
तारादेवी शर्मा, पुष्पा टेवानी, परमेश्वरी आसनानी, नाथू लालचंदानी, पीतू शर्मा, गोदावरी रामनानी, हरीश लौंगानी, मूलो लखानी, विमला खटवानी, चंद्र कुमार केसवानी और गोदावरी वाधवानी।
पेपर आउट प्रकरण की जांच शुरू कर दी गई है। जांच में और भी तथ्य सामने आए हैं। जांच रिपोर्ट जल्द ही कलेक्टर सौंप दी जाएगी।’
-लालाराम गूगरवाल, एडीएम-द्वितीय
छिपाते रहे पहचान
तलब किए जाने के बाद आरोपी शिक्षक मीडिया के सामने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश करते रहे। कैमरे से बचने के लिए कुर्सियों पर बैठे शिक्षक इधर-उधर हो गए। अध्यापिकाओं ने अपनी पहचान छिपाने के लिए दीवार की तरफ मुंह कर लिया था। वहीं कुछ ने मुंह पर कपड़ा लगा लिया।
देर रात तक चली जांच
आरोपी शिक्षकों को तोपदड़ा सीनियर सेकंडरी स्कूल में शाम चार बजे तलब किया गया था। रात 9 बजे तक गूगरवाल पूछताछ करते रहे।
..छलक पड़े आंसू
शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय से तोपदड़ा सीनियर सेकंडरी स्कूल जाते वक्त दो आरोपी अध्यापिकाओं की आंखों से आंसू छलक पड़े। आरोपी शिक्षकों के साथ उनके परिवारजन भी शिक्षा विभाग पहुंचे थे।