HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

नम आंखों से एएसआई को दी अंतिम विदाई

ग्वालियर. लक्ष्मण तलैया पर रात में दबिश देने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मौत का शिकार हुए पुलिस के सहायक उप निरीक्षक कमलेश शर्मा को पुलिस के अफसरों और जवानों ने नम आंखों से अंतिम विदाई दी। उनका अंतिम संस्कार मुरार स्थित मुक्तिधाम में किया गया।

मंगलवार की सुबह साढ़े ग्यारह बजे पोस्टमार्टम के बाद एएसआई के शव को डीआरपी लाइन ले जाया गया। आईजी ग्वालियर डीएस सेंगर, डीआईजी आदर्श कटियार, एसपी वीके सूर्यवंशी, एडीशनल एसपी शहर अतुल सिंह, सीएसपी राय सिंह नरवरिया, रामलखन सिंह भदौरिया, अमित सक्सेना, प्रणय नागवंशी, बहोड़ापुर थाना प्रभारी अशोक सिंह भदौरिया, शहर के अन्य थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस के जवान डीआरपी लाइन पहुंचे।

मातमी धुन के साथ जवानों ने श उल्टे कर अपने साथी को अंतिम सलाम किया। आईजी, डीआईजी ने पुप्प चक्र अर्पित किए। अंतिम नमन की इस घड़ी पर वातावरण खामोश था और सभी की आंखें नम थीं। पुलिस में उनकी सेवा को लेकर कोई उन्हें कर्मठ तो कोई कर्तव्य के प्रति वफादार बता रहा था।

बुरी तरह झुलस गया था शरीर
सोमवार की रात ट्रेवल संचालक सुदेश शर्मा उर्फ कुक की हत्या के बाद संदेही को पकड़ने रात में ही पुलिस ने लक्ष्मण तलैया पर दबिश दी थी। दबिश देने वाली पार्टी में बहोड़ापुर थाने में पदस्थ एएसआई कमलेश शर्मा भी शामिल थे। रात करीब डेढ़ बजे कमलेश, वीरेन्द्र सिंह तोमर के घर की छत पर चढ़े। छत के ऊपर हाईटेंशन लाइन गुजरी है।

अंधेरा होने के कारण कमलेश बिजली के तार नहीं देख सके और उसकी चपेट में आ गए। उनका शरीर बुरी तरह झुलस गया था। उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। दु:खद समाचार सुनते ही एडीशनल एसपी शहर अतुल सिंह व सीएसपी राय सिंह नरवरिया मौके पर पहुंचे। पुलिस विभाग के कर्मचारियों को भी तुरंत मौके पर बुलाया और कुछ देर के लिए विद्युत प्रवाह रोका गया।

आठ माह से बहोड़ापुर थाने में
मौत का शिकार हुए 51 वर्षीय कमलेश शर्मा मूलत: जिला भिण्ड की मेहगांव तहसील के निवासी थे। दर्पण कालोनी में भी उनका मकान है। उनके चार बेटियां व दो बेटे हैं। बहोड़ापुर थाने में उनकी पोस्टिंग 20 अगस्त 07 को हुई थी। इससे पूर्व वह अशोकनगर में पदस्थ थे।

बेटे ने दी मुखाग्नि
डीआरपी लाइन में श्रद्धासुमन अर्पित करने के बाद कमलेश शर्मा के शव को दर्पण कालोनी थाटीपुर स्थित उनके निवास पर ले जाया गया। फिर वहां से अंतिम संस्कार के लिए मुरार स्थित मुक्तिधाम ले जाया गया जहां एएसआई के बेटे उमाकरण ने मुखाग्नि दी। इस अवसर पर एडीशनल एसपी शहर अतुल सिंह, सीएसपी मुरार रामलखन सिंह भदौरिया, बहोड़ापुर थाना प्रभारी अशोक सिंह भदौरिया सहित बड़ी संख्या में मृतक के परिजन व पुलिस के जवान उपस्थित थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: