News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. सेक्टर-17 की हैवी ट्रैफिक रोड लेन। बिना हेलमेट तीन मोटरसाइकिल सवारों के पीछे भागती पुलिस की जिप्सी। यह पीसीआर या थाने की जिप्सी नहीं, बल्कि खुद एसएसपी चंडीगढ़ पुलिस की एस्कॉर्ट थी। कुछ किमी. मोटरसाइकिल सवारों का पीछा करने पर एस्कॉर्ट ने उन्हें धरदबोचा।
यह वाकया तब पेश आया जब इस बिजी रोड से गुजर रहे खुद चंडीगढ़ के एसएसपी ने खुलेआम ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन होते देखा। उन्होंने इसे रोकने के लिए अपनी पुलिस एस्कॉर्ट को आदेश दिए। उल्लंघन करने वाले युवकों को पकड़ने के बाद एस्कॉर्ट ने सेक्टर-17 के थाने में सौंप दिया।
वहीं, स्थानीय थाना और ट्रैफिक पुलिस इस घटना से अनजान बने रहे, लेकिन सबसे हैरानी कि बात तो तब हुई जब सेक्टर-17 थाना के एसएचओ इस धरपकड़ में एसएसपी की एस्कॉर्ट होने की बात से मुकर गए। एसएचओ ने तो यहां तक कह दिया कि मोटरसाइकिल सवारों को पीसीआर ने पकड़ा है।
एसएचओ ने कहा, एस्कार्ट ने नहीं पीसीआर ने पकड़ा : इस मामले में जब एसएचओ-17 से पूछा गया तो उनका कहना था कि पकड़े गए तीनों आरोपियों को उनके पास पीसीआर जिप्सी ले कर आई है। जब उनसे पूछा गया कि उन्हें तो एसएसपी की एस्कॉर्ट ने पकड़ा था तो इस बात से उन्होंने साफ मना कर दिया।
>> सड़कों पर वॉयलेशन करने वालों के खिलाफ हमेशा सख्त कार्रवाई करता हूं। मंगलवार भी जब मैंने रोड पर वॉयलेशन करते युवकों को देखा तो उन्हें पकड़ने का ऑर्डर दे दिया। एस्कॉर्ट ने उन्हें पुलिस स्टेशन-17 में उनका चालान करवा छोड़ दिया।
सुधांशु श्रीवास्तव, एसएसपी, चंडीगढ़