न्यूयार्क. अमेरिका में हुए एक अध्ययन में 90 वर्ष या उससे भी लंबी आयु से जुड़े एक जीन्स को छोटे कद की महिलाओं से संबंधित पाया गया है। इसके चलते अनुसंधानकर्ताओं का मानना है कि जीन्स में फेरबदल के बाद लंबी उम्र पाने वाले प्राणी कद में दूसरों से छोटे होंगे।
‘येशिवा’ विश्वविद्यालय में ‘एल्बर्ट आईंस्टीन कालेज आफ मेडिसिन’ के वज्ञानिकों के अनुसार शरीर के विकास के लिए जरूरी हारमोन ‘इंसुलीन लाइक ग्रोथ फैक्टर’ (आईजीएफ-आई)शरीर की लगभग सभी कोशिकाओं को प्रभावित करता है और खासतौर पर बच्चों में शारीरिक विकास का कारण है।
जानवरों पर किए गए प्रयोगों में अनुसंधानकर्ताओं ने पाया कि इस जीन्स में फेरबदल किए जाने के बाद पैदा हुए जानवरों की उम्र लंबी हुई लेकिन इससे उनके कद पर प्रभाव पड़ा। इन परिणामों के तहत अनुसंधानकर्ताओं ने इंसानों में भी इस तरह के प्रयोग किए और पाया कि जीन्स में फेरबदल खासतौर पर महिलाओं में छोटे कद का कारण बन सकता है।
वेबसाइट ‘साइंस डेली’ ने अनुसंधानकर्ता डा. नीर बारजिलाई के हवाले से बताया, ‘‘बहुत से जीवों पर किए गए अध्ययन में हमने स्पष्ट रूप से पाया है कि ‘आईजीएफ-आई’ जीन्स में किए गए फेरबदल लंबी उम्र का कारण बन सकते हैं।’’