मुंबई. अबू सलेम अभी केवल 40 साल का है, लेकिन उसके चेहरे पर झुर्रियां दिखाई देने लगी हैं। दो साल पहले जब उसे पुर्तगाल से भारत लाया गया था, तब वह ऐसा नहीं था। उसके करीने से संवरे बाल और दमकते चेहरे को देखकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए थे। दरअसल, सलेम के चेहरे से अब वह चेहरा उतर रहा है जो उसने कॉस्मेटिक सर्जरी से चढ़ाया था।
अबू सलेम इन दिनों मुंबई में आर्थर रोड जेल में बंद है। घाटकोपर पुलिस स्टेशन के एक अफसर ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि सलेम के गालों और माथे पर हल्की दरारें दिखाई देने लगीं हैं। उनका मानना है कि सलेम के चेहरे से शायद कॉस्मेटिक सर्जरी उतर रही है। यह अफसर हाल ही में एक मामले में पूछताछ के सिलसिले में सलेम से जेल में मिले थे।
बूढ़ा होता सलेम : 90 के दशक में बॉलीवुड को अपनी फिरौती की मांग से थर्रा देने वाले सलेम ने 2002 में पुलिस को चकमा देने के लिए अपने चेहरे की कॉस्मेटिक सर्जरी करवाई थी। जेल के ही एक अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया कि सलेम के चेहरे पर अब भूरे रंग की चित्तियां उभर आई हैं और वह बूढ़ा दिखने लगा है।
* ‘कॉस्मेटिक सर्जरी के बाद इसकी देखरेख की बहुत जरूरत होती है। यदि सलेम की सर्जरी हुई है तो उसे अपनी त्वचा का खयाल रखना चाहिए, जो जेल में संभव नहीं है।’
- डॉ. नीता पटेल, कॉस्मेटिक सर्जन