भोपाल. लुटेरों से परेशान राजधानी की पुलिस उन्हें पकड़ने के लिए रोजाना नए फरमान जारी कर रही है। गुरुवार को भी एसपी जयदीप प्रसाद ने एक फरमान जारी कर पेट्रोल पंप संचालकों से कहा है कि वे बिना नंबर की मोटरसाइकिलों में पेट्रोल भरना बंद करें। शहर में लगातार बिना नंबर की मोटरसाइकिल से लुटेरे वारदात को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस चैकिंग पॉइंट और पेट्रोलिंग करके बिना नंबर और तीन सवारी गाड़ियों को पकड़ रही है। बावजूद इसके लुटेरे हत्थे नहीं चढ़ रहे।
पुलिस बिना नंबर की गाड़ियां पकड़ती है, तो उसमें व्यवहारिक परेशानी आ रही है। बाइक जिस शोरूम से खरीदी गई है ग्राहक द्वारा वहां के काफी चक्कर लगाने के बाद भी रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं मिलते हैं। शोरूम से रजिस्ट्रेशन कराने में कई बार नंबर आने में समय लगता है। ग्राहक द्वारा पूरा भुगतान नहीं करने पर भी शोरूम संचालकों द्वारा नंबर नहीं दिया जाता।
अधिकतर पंप संचालक सहमत
गुरुवार को एसपी श्री प्रसाद द्वारा राजधानी के सभी पेट्रोल पंप संचालकों को दिए गए निर्देश में कहा गया है कि यदि किसी बाइक सवार की गतिविधियां संदिग्ध दिखें, तो तुरंत पुलिस को जानकारी दें। साथ ही उन्होंने बाइक शोरूम संचालकों को पत्र लिखा है कि वे ऐसी व्यवस्था करें कि ग्राहक को हफ्तेभर में रजिस्ट्रेशन मिल जाए। बिना नंबर की गाड़ियों में पेट्रोल नहीं भरने पर अधिकतर पंप संचालक सहमत हो गए हैं।
पंप संचालक के भाई से पुलिस का विवाद
एसपी के निर्देश की जानकारी देने टीटी नगर के सिपाही गुरुवार की सुबह भाजपा नेता के लिंक रोड नंबर एक स्थित पेट्रोल पंप गए थे। यहां उनका पेट्रोल पंप संचालक के भाई से विवाद हो गया। इसके बाद थाने पहुंचे पंप संचालक के भाई ने वहां मौजूद स्टाफ से र्दुव्यवहार किया। बाद में उन्हें समझा बुझाकर रवाना किया गया।