भोपाल. सूरज के तीखे तेवरों के बीच राजधानी के तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार को शहर का तापमान 37 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री दर्ज हुआ था। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि हवा का रुख उत्तर-पश्चिमी हो जाने और नमी की मात्रा कम होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई है।
बुधवार के मुकाबले गुरुवार को न्यूनतम तापमान में भी हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार को न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री दर्ज हुआ था।
दिन बड़े होने लगे: मौसम में परिवर्तन होने के साथ ही अब दिन बड़े होने लगे हैं। तापमान बढ़ने से शाम होते ही पार्र्को में भीड़ बढ़ने लगी है। शाहपुरा लेक और वीआईपी रोड पर रात में भी लोग परिवार सहित पहुंचने लगे हैं। गुरुवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान खजुराहो, राजगढ़ और दतिया में 38-38 डिग्री सेल्सियस रहा। 40.7 डिग्री दर्ज हुआ था: मौसम केंद्र के पास उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक भोपाल में मार्च में सबसे ज्यादा तापमान 29 मार्च 1996 को 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मार्च संधिकाल का महीना: मार्च शीतकाल और ग्रीष्मकाल का संधिकाल होता है और इस महीने में तापमान में उतार-चढ़ाव होता रहता है। इस बार पांच मार्च को ही तापमान 36 डिग्री पार होने के कारण आने वाले दिनों में गर्मी का अंदाजा लगाया जा सकता है।