HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

भोपाल में दूसरे दिन भी डकैती

भोपाल. नूपुर कुंज में कोल माइंस के सेवानिवृत्त चीफ इंजीनियर के घर खिड़की की ग्रिल खोलकर घुसे सशस्त्र बदमाश नकदी और जेवर ले गए। घटना के समय नौकर घर में था। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए नौकर से पूछताछ कर रही है।

पुलिस के मुताबिक नूपुर कुंज निवासी रामजी सहाय 29 फरवरी को सपत्नीक इंदौर गए थे। देखभाल के लिए वे नौकर रामू यादव को घर छोड़ गए थे। बुधवार की रात मकान के पिछले हिस्से में बने कमरे की ग्रिल खोलकर सशस्त्र बदमाश घर में घुस गए। रामू ने पुलिस को बताया कि वह सो रहा था। तभी एक युवक ने उसे उठाया।

नींद खुली तो चार युवक हाथों में कट्टे लिए खड़े थे। दो बाहर निगरानी कर रहे थे। एक बदमाश ने उस पर कट्टा अड़ा दिया। दो वहीं खड़े रहे, जबकि चौथा युवक मकान के ऊपरी हिस्से में गया, जहां उसने कमरे का ताला तोड़ा और तलाशी ली। इसके बाद वह नीचे आया तथा वहां भी कमरे का ताला तोड़ा। इस बीच रामू मौका पाकर छत की ओर भागा और वहां से कूदकर बाहर आया। उसने कॉलोनी के चौकीदार को घटना बताई। चौकीदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश भाग चुके थे।

टोपी पहने हुए थे बदमाश : रामू ने बताया कि बदमाश रात करीब पौने दो बजे भागे हैं। वह सभी टोपी पहने हुए थे। बदमाशों ने मकान की बिजली भी काट दी थी। बाहर से आ रही हल्की रोशनी में उसने बदमाशों के कपड़े और हुलिया देखा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पूरे मकान का सामान बिखरा पड़ा था। डकैती की सूचना मिलने के बाद श्री सहाय सुबह भोपाल पहुंच गए थे। अभी खुलासा नहीं हुआ है कि बदमाश कितनी नकदी और जेवर ले गए हैं। पुलिस ने रामू की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया है। रात में ही पुलिस ने संदेह के आधार पर चार दर्जन लोगों को हिरासत में लिया था।

बयानों और साक्ष्यों में समानता नहीं : सीएसपी हबीबगंज रामसनेही मिश्रा ने बताया कि रामू के बयानों और घटनास्थल से इकट्ठा किए साक्ष्यों में समानता नहीं है। पुलिस को शंका है कि वारदात में रामू की मिलीभगत है। रामू से भी पूछताछ की जा रही है। शीघ्र ही वारदात का खुलासा हो जाएगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: