जयपुर. जगतपुरा के मॉडल टाउन से व्यवसायी के अपहरण के मामले में मालवीय नगर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपहर्ताओं के सरगना संजय कुमार चौधरी को पुलिस ने दिल्ली के शालीमार बाग पुलिस और क्राइम ब्रांच की मदद से ४ मार्च को गिरफ्तार किया था। वहां से गुरुवार को उसे ट्रांजिट रिमांड पर जयपुर लाया गया है। अन्य दो आरोपी नीलम और राजकुमार को जगतपुरा से गिरफ्तार किया गया है।
तीनों को कोर्ट में पेश करके 5 दिन का रिमांड लिया गया है।पिछले वर्ष १६ दिसंबर को जगतपुरा के मॉडल टाउन से व्यवसायी सुदेश कुमार भार्गव का कुछ लोगों ने अपहरण कर लिया था। इस संबंध में सुदेश के भाई नरेश भार्गव ने मालवीय नगर थाने में मामला दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस दल ने दिल्ली जाकर संजय चौधरी के ठिकानों पर दबिश देकर सुदेश को मुक्त करवा लिया था। मगर आरोपी संजय की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी।
दिल्ली के कई दौरों के बाद मिली कामयाबी: सुदेश को मुक्त करा लेने के बाद पुलिस ने आरोपी संजय चौधरी और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार करने पर ध्यान लगाया। इसके लिए थाने के एसआई धर्म सिंह टीम के साथ कई बार दिल्ली गए। दिल्ली में उन्होंने रोहिणी, नांगलोई, सुल्तानपुरी और शालीमार बाग पुलिस से मदद लेकर आरोपी के ठिकानों पर दबिश दी।
4 मार्च को संजय चौधरी को नांगलोई के पास आउटर रिंग रोड से गिरफ्तार कर लिया गया। जहां उसे कोर्ट में पेश किया गया और जयपुर के लिए ट्रांजिट रिमांड लिया गया। पुलिस ने बताया कि संजय कुमार चौधरी दिल्ली और आसपास के राज्यों में व्यवसायियों को फाइनेंस करने का काम करता है। संजय पर दिल्ली और हरियाणा के कई थानों में अपहरण, लूट और डकैती के कई मामले दर्ज है।
कई मामलों में दिल्ली पुलिस का भी उसकी तलाश थी। सुदेश के पिता ग्यारसीलाल को भी उसने कुछ रुपए उधार दिए हुए थे। रुपए लौटाने में देरी हो जाने के कारण उसने ग्यारसीलाल के पुत्र सुदेश को अगवा कर लिया था।
दो साथी मामला सैटल करने आए
4 मार्च को संजय की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली रहने वाले उसके दो साथी नीलम (२५) और राजकुमार (३क्) ग्यारसीलाल के परिवार से मिलने जयपुर आ गए। गुरुवार को दोनों उनके घर जा रहे थे मगर पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि दोनों जयपुर आकर मामला सैटल करना चाह रहे थे। दोनों आरोपियों में से नीलम संजय की मित्र और राजकुमार उसका सहयोगी है। पुलिस ने तीनों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने तीनों आरोपियों का पांच दिन का रिमांड दिया है। पुलिस इस मामले में अन्य लोगों का पता लगाने और जांच करने में जुटी है।