इंदौर. रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म नंबर पांच के विस्तारीकरण में अभी तक लॉज और दुकानें बाधा बन रही थीं, वह तो दूर हो गई लेकिन अब रेलवे के लिए ‘टेंडर’ परेशानी का कारण बन गया है। तीन बार टेंडर के बाद भी कोई व्यक्ति टेंडर लेने आगे नहीं आया। विस्तारीकरण कर 24 कोच खड़े करने के लिए रेलवे लंबे समय से कवायद कर रहा था, इसके लिए जिला प्रशासन से जमीन अधिग्रहित कर देने की बात तय हुई थी।
प्रशासन से चर्चा के बाद ही रेलवे ने प्लेटफॉर्म विस्तारीकरण के लिए करीब 50 लाख रुपए का टेंडर जारी कर दिया। पहला टेंडर अगस्त में रेलवे द्वारा जारी किया गया इसके बाद सितंबर और जनवरी में एक बार फिर से टेंडर तो जारी हुए परंतु तीन बार के बाद भी रेलवे का टेंडर लेने के लिए कोई भी आगे नहीं आया। अब रेलवे ने चौथी बार टेंडर जारी किए हैं जिसे 28 मार्च को खोला जाएगा।
हावी है लॉबी, जो चाहती है रुपए बढ़ाए जाएं
सूत्रों के अनुसार पश्चिम रेलवे द्वारा जारी किए गए टेंडर में रजिस्टर्ड ठेकेदारों की लॉबी हावी है जो चाहती है कि टेंडर की रेट दर बढ़ाई जाए। पिछले तीन बार से इसीलिए टेंडर के लिए कोई आवेदन नहीं आया। हालांकि इस बार रेलवे ने टेंडर की राशि भी बढ़ा दी है। पिछली बार 45 लाख का टेंडर जारी किया था, इस बार 50 लाख का टेंडर जारी किया है।
चौथी बार टेंडर जारी किया गया
पश्चिम रेलवे की ओर से अगस्त, सितंबर और जनवरी में टेंडर जारी किया गया था। चौथी बार टेंडर जारी हुआ है जिसे 28 मार्च को ओपन किया जाएगा। कोई इसे लेने क्यों नहीं आया इस बारे में कुछ नहीं कह सकते। टेंडर बाजार दर और रेलवे की गाइड लाइन को ध्यान में जारी किए जाता है।
- नितिन डेविड, जनसंपर्क अधिकारी, पश्चिम रेलवे