जयपुर.
महाशिवरात्रि पर गुरुवार को शहर के शिवालय ‘हर हर महादेव’ एवं ‘ऊँ नम: शिवाय’ के जयघोष से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने आंक, धतूरा, बेर, भांग, गाजर, रोली मोली से पूजा अर्चना की। कहीं भक्तों ने तीर्थ जल तो कहीं शहद व दूध से महादेव का अभिषेक किया। मनोकामना पूर्ति के लिए महिला, पुरुषों एवं कुंवारी कन्याओं ने उपवास किया व सागारी भोजन से व्रत खोला।
दर्शन का एक दिन : मोतीडूंगरी शंकरगढ़ की पहाड़ी पर स्थित एकलिंग मंदिर वर्ष में एक बार महाशिवरात्रि पर आम दर्शनार्थियों के लिए खुलता है। यहां दिनभर श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। पुलिस कर्मी मंदिर के बाहर तो स्वयंसेवकों ने मंदिर प्रांगण की व्यवस्था संभाली। पूजा के दौरान एक-एक करके श्रद्धालु आते एवं महादेव के दर्शन कर व प्रसाद दूर से ही चढ़ाकर आगे बढ़ जाते।
पुजारी पुरुषोत्तम शर्मा ने बताया कि इसे रत्नेश्वर महादेव भी कहते हैं। सिटी पैलेस के पास चांदनी चौक का राजराजेश्वर मंदिर भी साल में एक बार दर्शनार्थियों के लिए खुलता है। यहां भी सुबह से दर्शनार्थियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया।
गलता में शिव का गुणगान: प्रमुख तीर्थ गलता में जीवनदास रावतानी मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से गलता पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य के सान्निध्य में भक्ति संगीत का कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रपति डॉ. शंकरदयाल शर्मा की पत्नी विमला शर्मा, पूर्व राज्यपाल अंशुमानसिंह, पूर्व स्पीकर बलिराम भगत व न्यायाधीश इंद्रसेन इसरानी ने शिव के बहुरंगी पोस्टर का विमोचन किया।
शिवालयों में रहा मेला
ताड़केश्वर : शहर के सबसे प्राचीन ताड़केश्वर महादेव मंदिर में सुबह से दर्शनार्थियों की कतारें लगना शुरू हुई, जो कुछ देर में मुख्य बाजार तक पहुंच गई। मंदिर परिसर फूलों की सुगंध से महक रहा था।
झाड़खंड महादेव : क्वींस रोड स्थित झाड़खंड महादेव मंदिर में तड़के फूल व गुलाल की मनमोहक झांकी सजी। सबसे पहले कावड़ियों ने और बाद में श्रद्धालुओं ने अभिषेक किया । संध्या आरती के बाद फिर आकर्षक श्रंगार किया गया।
सदाशिव ज्योतिर्लिगेश्वर महादेव: दिल्ली रोड शकरकुई के सदाशिव ज्योतिर्लिगेश्वर महादेव मंदिर में सुबह से अभिषेक करने वालों का तांता लगा रहा। ट्रस्ट प्रबंधन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई की व्यवस्था की गई। दोपहर बाद कवि सम्मेलन हुआ। इसका नेतृत्व ढूंढाड़ी भाषा के प्रसिद्ध कवि बिहारी शरण पारीक ने किया।
निर्विकारेश्वर : जाट के कुएं का रास्ता स्थित निर्विकारेश्वर महादेव मंदिर में विशेष पुष्प रचना झांकी सजी। शाम को भजन संध्या हुई।
जंगलेश्वर महादेव : बनीपार्क के जंगलेश्वर महादेव मंदिर में दिनभर भक्तों ने भगवान शिव का अभिषेक किया। शाम को शिव का फूलों से आकर्षक श्रंगार किया गया।
चमत्कारेश्वर महादेव : झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं ने सुबह महादेव का जलाभिषेक किया। शाम को भक्तों ने पुष्पों में विराजे महादेव व अर्धनारीश्वर सहित द्वादश ज्योतिर्लिगेश्वर के दर्शन किए।
रुद्रपांडवेश्वर शिव मंदिर : पावनधाम विराटनगर में रुद्र पांडवेश्वर शिव मंदिर में आचार्य धर्म्ेद्र के सान्निध्य में महाशिवरात्रि महोत्सव मनाया गया। इस दौरान भजन संध्या हुई।
ओंकारश्वरेश्वर महादेव : प्रतापनगर स्थित दहलावास के शनिदेव एवं नवग्रह मंदिर (कल्पवृक्ष वाले) ओंकारेश्वरेश्वर महादेव परिसर में महंत श्यामलाल के सान्निध्य में महारुद्राभिषेक हुआ और अमरनाथ की झांकी सजाई गई। संतोकबा दुर्लभजी कर्मचारी संघ की ओर से अस्पताल परिसर स्थित सर्वधर्म महादेव मंदिर में भजन संध्या आयोजित की गई। ब्रम्हपुरी के गायत्री शक्तिपीठ परिसर स्थित प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में पंचकुंडीय यज्ञ हुआ।
पूज्य सिंधी पंचायत की ओर से अग्रवाल फार्म के जय अंबे पार्क में भजन संध्या हुई। मानसरोवर वीटी रोड में शिवसेना क्षेत्रीय प्रमुख राजेश अवस्थी के नेतृत्व में शिवरात्रि मनाई गई। माधोविलास तत्कालेश्वर महादेव मंदिर, दिल्ली रोड पुरानी चुंगी के पास स्थित स्वयं जलेश्वर महादेव मंदिर में, बाबा किशनचंद दरबार नीलकंठ महादेव मंदिर, जवाहर नगर पत्रकार कॉलोनी के मंशापूर्ण महादेव मंदिर व कूकस के पास ग्राम हरवर के चंद्रमौलिश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक व भजन संध्या हुई।
बही संगीत की धारा : गैटेश्वर कला संस्थान, गैटोर की छतरियां ब्रrापुरी की ओर से नगर निगम के सहयोग से संगीत आराधना का आयोजन किया गया। इसमें गायक रामशंकर, चिरंजीलाल, हनुमान प्रसाद, नजर मोहम्मद, महावीर प्रसाद व निसार सहित कई कलाकारों ने भजन प्रस्तुत किए।