News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. कुंदरापारा में उत्पात मचाने वाले पुलिस लाइन के 60 नवआरक्षकों के खिलाफ कोतवाली थाने में बलवा का जुर्म दर्ज कर लिया गया है। किसी भी नवआरक्षक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस अफसरों का कहना है कि आरोपी नवआरक्षकों की पहचान नहीं हो पाई है।
गौरतलब है, बुधवार रात कुंदरापारा में जमकर हंगामा हुआ। पहले दो जवानों को मोहल्ले के लोगों ने मामूली विवाद पर पीटा और फिर पुलिस लाइन के रंगरूटों ने वहां धावा बोल दिया। बस्ती में घुसकर कई लोगों की पिटाई की। उसके बाद वे भाग निकले।
बस्ती के गुस्साए लोगों ने आरक्षकों पर कार्रवाई की मांग को लेकर कोतवाली थाना घेर दिया और जब यहां से उन्हें समझाकर वापस भेजा गया तो वे सीधे पुलिस लाइन पहुंच गए। बाहर खड़े होकर वे हल्ला बोलने की तैयारी कर रहे थे, तभी पुलिस ने वहां घेराबंदी की। पूरी रात इलाके में तनाव के हालात रहे। इस मामले में बस्तीवालों की शिकायत पर 60 अज्ञात नवआरक्षकों के खिलाफ धारा 147, 148, 294 और 427 के तहत जुर्म दर्ज किया।
सरेराह वकील पर हमला
शादी पार्टी से कटोरातालाब अपने घर लौट रहे वकील राजकुमार पर बुधवार आधी रात को गांधी उद्यान के पास स्कार्पियो सवार तीन अज्ञात युवकों ने हमला कर दिया। मारपीट में वकील का सिर फट गया। उन्हें डा. आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि वकील सिविल लाइंस स्थित आंबेडकर भवन में शादी परिचित की शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपनी स्कूटर से घर जाने के लिए निकले।
रास्ते में गांधी उद्यान के पास बिना नंबर की स्कार्पियो ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। उसमें से तीन युवक निकले और ताबड़तोड़ लात-घूसे चलाने लगे। चीख-पुकार करने पर आरोपी स्कार्पियो लेकर भाग गए। घायल वकील सिविल लाइंस थाने पहुंचे और हमले की शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा 294, 323 और 506बी के तहत जुर्म दर्ज किया है।