News
Chhattisgarh
Raipur Raipur जगदलपुर. श्रद्धालुओं को लेकर जा रही नाव दलपत सागर में डूब गई। हादसे में तीन साल के बच्चे रिंकू ध्रुव की मौत हो गई। नाव में बैठे आधा दर्जन लोगों को बचा लिया गया । दलपतसागर के बीचो-बीच स्थित शिव मंदिर तक भक्तों को पहुंचाने के लिए नगरपालिका ने दो नावों की व्यवस्था की थी।
गुरुवार सुबह 8 बजे दो बच्चों समेत आधा दर्जन से ज्यादा लोग दर्शन के लिए नाव से निकले थे। मंदिर परिसर में आयोजित किए जा रहे भंडारे में इस्तेमाल होने वाला सामान भी नाव में रखा था। घाट से बमुश्किल 50-60 मीटर दूर पहुंची नाव अचानक अनियंत्रित हो गई और डूब गई।
यात्रियों की पुकार सुनकर घाट पर खड़ी दूसरी नाव से नगरनिगम के कर्मचारी विनय श्रीवास्तव, गोताखोर नरसिंह, हिरण, गुलाबराव, महादेव तेजी से मौके पर पहुंचे और डूब रहे लोगों को बचाया। काफी कोशिश के बाद भी राजबाड़ा निवासी रंजीत के बेटे रिंकू को नहीं बचाया जा सका। पानी में गिरते समय रिंकू रंजीत के हाथ से छूट गया था। गोताखोरों ने करीब पौन घंटे की मशक्कत के बाद तालाब में डूब गए रिंकू के शव को ढूंढ़ निकाला। पोस्टमार्टम के बाद शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद करीब दो घंटे तक नाव का संचालन बंद रहा।