HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

वेदांती मामले में कांग्रेस सड़क पर

रायपुर. पुलिस ने दो दिन तक पसोपेश में रहने के बाद गुरुवार को अंतत: राजिम कुंभ में दिए गए भाषण के आधार पर संत श्री वेदांती के खिलाफ आईपीसी की दफा 153-ए, 504 का मुकदमा दर्ज कर लिया। रायपुर एसपी अमित कुमार ने कहा कि हुमन साहू की शिकायत पर जुर्म दर्ज करने के बाद मामले के सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं। संत श्री वेदांती की गिरफ्तारी की कोशिश की जाएगी। इधर, कांग्रेस ने पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी के आगमन के दिन 8 मार्च को छत्तीसगढ़ बंद की चेतावनी दे दी है। इससे एक दिन पहले, राज्यभर में कांग्रेस सभी जिला मुख्यालयों में उग्र प्रदर्शन करेगी।

कांग्रेस ने वेदांती की कथित टिप्पणी और कांग्रेसियों से मारपीट को लेकर आक्रामक तेवर अपना लिए हैं। प्रदेश अध्यक्ष चरणदास महंत ने बुधवार को सप्रे शाला मैदान के पास चक्काजाम के दौरान कांग्रेसियों से ये आह्वान कर सनसनी फैला दी थी कि वेदांती जहां दिखे, मुंह तोड़ दिया जाए। इसके बाद से ही पार्टी आक्रामक है। इसका नजारा राज्य के कई जिलों में युवक कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान नजर आया। इस दौरान युकाइंयों ने न सिर्फ तेवर दिखाए, बल्कि वेदांती को गिरफ्तार करने की मांग भी की। राजधानी में राजीव गांधी चौक पर युवक कांग्रेस अध्यक्ष योगेश तिवारी धरने में शामिल हुए। नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा यहां गुजरात का एजेंडा लागू करने की कोशिश कर रही है। यह मंशा सफल नहीं होने दी जाएगी।

वेदांती का पुतला जीप से घसीटेगी युकां

युवक कांग्रेस ने शुक्रवार को संत वेदांती के पुतले को गाड़ी में बांधकर घसीटने और जूते चप्पलों से पीटने का निर्णय लिया है। युवक कांग्रेसियों ने इस प्रदर्शन को बेहद गोपनीय रखा है। सूत्रों का दावा है कि लालकृष्ण आडवानी के रायपुर आगमन पर युवक कांग्रेस व महिला कांग्रेस ने काले झंडे दिखाने का फैसला भी लिया है।

महंत ने ज्ञापन सौंपा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत ने आज इसी मामले में राज्यपाल ईएसएल नरसिम्हन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि रमन सिंह की सरकार ने सरकारी पैसों से राजिम कुंभ को राजनीतिक मंच बना दिया। इस पवित्र आयोजन में धार्मिक उन्माद फैलाया गया। खुली गुंडागर्दी कीस गई। इसके जिम्मेदार श्री वेदांती पर कार्रवाई नहीं की गई तो 8 मार्च को छत्तीसगढ़ बंद रहेगा।

एजी से ली थी राय

संत वेदांती मामले में सरकार ने एडवोकेट जनरल प्रशांत मिश्रा से राय मांगी थी। सूत्रों के मुताबिक श्री मिश्रा ने राय दी कि साम्प्रदायिक सदभाव बिगाड़ने के मामले में कार्रवाई की जा सकती है। एजी की इसी राय के बाद ही संत वेदांती के खिलाफ जुर्म दर्ज किया गया है। राजिम कुंभ के समापन के बाद किसी भी समय संत वेदांती की गिरफ्तारी संभव है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: