नई दिल्ली. ग्रेटर नोएडा पावर ग्रिड में गड़बड़ी के बाद दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई इलाकों में बिजली गुल हो गई है और इसका सबसे ज्यादा असर ट्रेनों के आवागमन पर पड़ रहा है।
पावर ग्रिड कॉर्प के प्रबंध निदेशक आरपी सिंह ने कहा है कि बीती रात पश्चिमी उप्र, दिल्ली और हरियाणा में घना कोहरा था जिसके कारण इन क्षेत्रों में ट्रांसमिशन लाइनों में बार-बार फॉल्ट आया। फिलहाल बिजली सप्लाई व्यवस्था बहाल करने के उपाय किए जा रहे हैं।
बिजली सप्लाई बाधित होने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह ट्रेनों के आवागमन पर भारी असर पड़ा। रेलवे के वरिष्ठ अफसरों ने कहा कि फिरोजाबाद- दादरी, तुगलकाबाद-पलवल रीजन सबसे ज्यादा प्रभावित हुए। यहां आज अलसुबह पौने चार बजे से सवा छह बजे तक बिजली गुल रही।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सभी आपातकालीन उपाय अपनाए जा रहे हैं और परिवहन सेवा को सुचारू करने के लिए डीजल इंजनों की भी मदद ली गई। उत्तरी ग्रिड में खराबी के बाद बिजली न मिलने की भी बात उन्होंने कही। ग्वालियर संबद्ध शताब्दी एक्सप्रेस के एक यात्री ने बताया कि दो घंटे ट्रेनें रुकी हुई हैं।