लंदन. आलू के चिप्स खाने के शौकीन लोगों को अब चिप्स का लुत्फ उठाने के बाद स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान की चिंता नहीं सताएगी। चिप्स को तलने से पहले उन्हें पानी में भिगोकर रखना हानिकारक तत्वों को दूर कर देता है।
‘साइंस ऑफ फूड एंड एग्रीकल्चर’ संस्थान की पत्रिका ‘एससीआई’ के अनुसार आलू के चिप्स को पानी में भिगोने से उनमें मौजूद ‘एक्रीलैमाइड’ की मात्रा कम हो जाती है।
गौरतलब है कि ‘स्टार्च’ (श्वेतसार) की अधिकता वाले खाद्य पदार्थों को तलने या भूनने के दौरान ‘एक्रीलैमाइड’ नामक रासायनिक तत्व पैदा होते हैं। इन्हें स्वास्थ्य के लिए हानिकारक माना जाता है।
ब्रिटेन के अनुसंधानकर्ताओं द्वारा किए गए अध्ययन के अनुसार कच्चे आलू को आधे घंटे से दो घंटे तक पानी में भिगो कर रखने पर उनमें ‘एक्रीलैमाइड’ की मात्रा क्रमश: 23, 38 व 48 फीसदी कम हो जाती है।