नई दिल्ली. प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और आउटडोर मीडिया में धड़ल्ले से नजर आने वाले तंबाखू और शराब के छद्म विज्ञापनों के खिलाफ अब केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्रालय भी कड़ी कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है। इस बात का आश्वासन केंद्रीय सूचना व प्रसारण मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि रामदास को दिया है।
गौरतलब है कि रामदास ने पिछले दिनों दासमुंशी को एक पत्र लिखकर ऐसे छद्म विज्ञापनों पर कार्रवाई करने का आग्रह किया था। अब दासमुंशी से मिले आश्वासन से उत्साहित रामदास ने दोहराया कि इन सभी विज्ञापनों में दिखाया कुछ और जाता है और उनका असली मकसद ‘कुछ और’ बेचने का होता है।
रामदास इस बात पर भी आपत्ति जता चुके हैं कि शराब और तंबाखू के कारोबार से जुड़ी कंपनियां अपने विज्ञापनों में उसी लोगो और ब्रांडनेम का इस्तेमाल करती हैं, जो मूल उत्पाद का होता है। यह विज्ञापन प्रसारण के लिए तय नियमों का उल्लंघन है।