जयपुर. माणकचौक तथा नाहरगढ़ थानों की पुलिस ने शुक्रवार रात दो जगह दबिश देकर हवाला के 18 लाख रुपए जब्त किए। देर रात तक पुलिस तथा इनकम टैक्स विभाग की कार्रवाई जारी थी। एसपी (उत्तर) एचजी राघवेन्द्र सुहासा ने बताया कि कोतवाली डीएसपी ज्ञानचंद यादव को नाहरगढ़ रोड स्थित यूनाइटेड प्लाइवुड के कार्यालय में हवाला कारोबार चलने की जानकारी मिली थी।
शुक्रवार रात को दबिश दी गई तो कार्यालय में पुरुषोत्तम खंडेलवाल मिला। वहां की तलाशी में छह लाख 24 हजार रुपए तथा कोड भाषा में हिसाब मिला। तलाशी में गुरुवार व शुक्रवार को किए गए 37 लाख रुपए के लेनदेन की पर्चियां मिलीं। पुरुषोतम ने बताया कि वह 4500 रुपए प्रतिमाह में नौकरी करता है तथा फर्म का मालिक आशीष गुप्ता है, जो फोन पर ही उसे रुपए देने-लेने के बारे में निर्देश देता है। आशीष फरार है।
दूसरा छापा त्रिपोलिया बाजार स्थित हनुमान जी का रास्ता में डाला गया। इस बारे में माणकचौक थाना प्रभारी मदन सिंह को सूचना मिलने पर वहां सादा वर्दी में पुलिसकर्मी तैनात किए गए। शुक्रवार रात को पुलिसकर्मियों ने वहां से जा रहे महेंद्र कुमावत नामक व्यक्ति को रोका। उसके पास दस लाख रुपए मिले, जिसे उसने हवाला की राशि बताया, जो उसने हनुमानजी का रास्ता स्थित फर्म एमडी बांगड़ एंड कंपनी के मालिक कपिल व सुनील बांगड़ ने दी थी।
दोनों आरोपी मिल गए। उन्होंने महेन्द्र कुमावत को दस लाख रुपए देना बताया, पर इसका उनके पास कोई हिसाब नहीं मिला। तलाशी में कार्यालय मे दो लाख रुपए और मिले, जिसकी सूचना इनकम टैक्स विभाग को दे दी गई। देर रात तक कार्रवाई जारी थी। कार्यालय में कई खाली तथा भरे हुए चेक भी मिले हैं। हवाला कारोबार करने वाले कपिल तथा सुनील बांगड़ शास्त्री नगर में मेजर शैतान सिंह कॉलोनी के रहने वाले है।