जयपुर.
साक्षरता एवं सतत शिक्षा विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शनिवार को रामबाग सर्किल के एसएमएस इंवेस्टमेंट ग्राउंड पर नारी शक्ति साक्षरता समागम अभिव्यक्ति शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्यभर से नवसाक्षर महिलाएं शामिल होंगी। शिविर का खास आकर्षण राजस्थानी संस्कृति से रूबरू कराती कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहेंगी।
विभाग के निदेशक जीपी शुक्ला ने बताया कि सुबह 12 बजे शिविर प्रारंभ होगा। इसकी मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे होंगी। समागम में ग्रामीण महिलाओं के हुनर, उनके कौशल संबंधी उत्पादों व हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कार्यक्रम में स्कूल व कॉलेज की छात्राएं भी हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम के लिए ग्राउंड में विशाल मंच व उसके सामने 25 ब्लॉक बनाए गए हैं। यहां आने वाले वाहनों के लिए कई स्थानों पर चेकपोस्ट बनाए गए हैं। उनकी पार्किग की व्यवस्था अमरूदों का बाग और एसएमएस स्टेडियम के पास की गई है।
सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे : शिविर के खुले मैदान में महिलाएं अष्टकोणीय लोक-वाद्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगी। इसके साथ परंपरागत वेशभूषा में लोक वाद्य यंत्र अलगोजा, मोरचंग के वादन के साथ घूमर, चरी तथा तेरह-ताली की रंगारंग प्रस्तुतियां भी होंगी।
यहां बने हैं चेकपोस्ट : सीकर रोड पर जोड़ला पावर हाउस स्कूल के बाहर, दिल्ली रोड पर कुंडा, रामगढ़ रोड पर जामिया तुल हिदाया के बाहर, आगरा रोड पर बगराना मोड़, टोंक रोड पर बीलवा, फागी रोड पर बालावाला, अजमेर रोड पर महापुरा मोड़ और कालवाड़ रोड पर बाईपास एक्सप्रेस हाइवे पुलिया के पास चेकपोस्ट बनाए गए हैं।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं : राज्यपाल एस.के. सिंह और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने प्रदेश की महिलाओं को महिला दिवस पर शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं ताकतवर होंगी, तभी परिवार, समाज और देश शक्तिशाली बनेगा। मुख्यमंत्री अपने जन्मदिन 8 मार्च को सिविल लाइंस स्थित आवास पर सुबह 10.30 से 12 बजे तक जनता से मिलेंगी।
महिला हितों की मांग होगी : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर शहर के महिला समूह व संगठन शनिवार को गांधी सर्किल पर संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसमें घरेलू हिंसा से संरक्षण कानून की पालना में स्वतंत्र रूप से संरक्षण अधिकारी नियुक्त करवाने, हर योजना में औरतों के लिए अलग बजट बनवाने, कानूनों को लागू करवाने और जरूरी बजट देने की मांग की जाएगी।
पूर्व संध्या पर भी हुए कई आयोजन
महिला दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को रोडवेज की महिला कर्मचारियों ने रोडवेज मुख्यालय पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। रोडवेज महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष मंजू शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में सभी आगारों व वर्कशॉप की महिलाकर्मियों ने नृत्य-गीत, मेहंदी डिजाइन आदि प्रतियोगिताओं में भाग लिया और विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
विभिन्न जन संगठनों की ओर से सांगानेर के सीटीएस बस स्टेण्ड पर महिला सम्मेलन हुआ। इसमें सांगानेर विकास नागरिक मंच, जिला सवरेदय मंडल, ऑल इंडिया महिला सांस्कृतिक संगठन, पर्यावरण प्रदूषण निवारण समाज सेवा संस्थान, जलधारा अभियान व महिला आर्य समाज के पदाधिकारी भी शामिल हुए और महिला हित के विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
जमाअत इस्लामी हिन्द की ओर से मुस्लिम मुसाफिरखाने में शुक्रवार को विचार गोष्ठी हुई। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष सलीम इंजीनियर ने इस्लाम में प्रदत्त महिला अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने मुस्लिम महिलाओं से अपने अधिकार हासिल करने का आह्वान किया। संगठन की ओर से 8 मार्च को सुबह 10.30 बजे मुस्लिम मुसाफिरखाने में महिला अधिकार कान्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा।
नेशनल मुस्लिम वुमेन वैलफेयर सोसायटी व भारतीय मुस्लिम महिला आंदोलन की ओर से जनाना अस्पताल में जच्च-बच्च को फूल-फल व मेडिकल किट प्रदान की गई। एकट बोधग्राम की ओर से महिला दिवस पर ‘आओ बालिका जन्म का उत्सव मनाएं’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम 17 मार्च (ढूंढ एकादशी) तक चलेगा। दलित अधिकार केन्द्र की ओर से 8 मार्च को दलित महिला सशक्तीकरण दिवस मनाया जाएगा। बापूनगर स्थित केन्द्र कार्यालय में इस कार्यक्रम में दलित महिलाओं की स्थिति पर चर्चा की जाएगी तथा पीड़ा सुनी जाएगी।
रोडवेज बस एजेंट अवकाश पर
विश्व महिला दिवस पर महिलाओं को रोडवेज बसों में किराए में छूट की घोषणा से नाराज सांगानेर आगार के रोडवेज बस एजेंट 8 मार्च को सामूहिक अवकाश रखेंगे। एजेंटों के मुताबिक उन्हें रोजाना लक्ष्य के आधार पर रोडवेज को आय जमा करानी होती है। छूट के कारण हर बस को करीब 15 सौ रुपए की आय कम होगी, जबकि रोडवेज एजेंटों के लक्ष्य में कटौती नहीं करता। ऐसे में एजेंटों को अपनी जेब से पैसा देना पड़ता है।