अजमेर. पंजाब नेशनल बैंक के कर्मचारियों के आंदोलन के बाद पांच दिनों से गड़बड़ाई व्यवस्था शुक्रवार को सर्वर फेल होने से और बिगड़ गई। बैंक में सिस्टम फेल होने के कारण ऑनलाइन भुगतान अटक गए। इधर उपभोक्ताओं को भी कैश जमा कराने में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पीएनबी में दोपहर तीन बजे अचानक सर्वर फेल हो गया। इससे लाइनें ठप हो र्गई। इस वजह से बैंक शाखाओं का मुख्यालय से संपर्क कट गया। सर्वर फेल होने से सारा काम प्रभावित हो गया। सिनेमा रोड, कचहरी रोड, नगरा, वैशाली नगर, फॉयसागर और आशागंज सहित जिले की सभी शाखाओं में नकद राशि जमा कराने पहुंंचे ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिन ग्राहकों का पेमेंट ऑनलाइन दूसरे शहरों में भेजने का प्रयास किया गया, वे मैसेज नहीं मिलने से संबंधित जगहों पर नहीं पहुंच सके। इधर बैंक में नियमित कार्य भी प्रभावित रहे। नए खाते खुलवाने आए ग्राहकों को भी लौटना पड़ा। कैश बुक का मिलान नहीं होने से कर्मचारियों ने भी काम नहीं किए।
जनरल बॉडी की मीटिंग आज
पांच दिनों से जारी आंदोलन के कारण बिगड़ी स्थिति की समीक्षा और वैकल्पिक व्यवस्था के संदर्भ में बैंक की जनरल बॉडी की मीटिंग शनिवार को होगी। कचहरी रोड शाखा में होने वाली बैठक में विभिन्न शाखाओं के अफसर भाग लेंगे।