अजमेर.
कैनवास पर कल्पनाएं उकेर कर और वाद-विवाद प्रतियोगिता में तर्र्को के तीर छोड़ कर विद्यार्थियों ने अपने हुनर का बखूबी प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों ने एकल गायन प्रतियोगिता में सदाबहार नगमे गाकर साथियों को झूमने पर विवश कर दिया। अवसर था ग्लोबल मैनेजमेंट कॉलेज में शुक्रवार से शुरू हुए दो दिवसीय ‘ग्लोबल सिम्फनी 2008’ का। इसका उदघाटन यूआइटी धर्मेश जैन ने किया।
एकल गायन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पुरानी और नई फिल्मों के गीत सुनाए। ईशा गौतम ने ‘अजीब दास्तां है ये..’, गंगवाल ने ‘ हम बेवफा हरगिज न थे..’, शुभेंदू ने ‘आने वाला पल जाने वाला है..’ और राकेश ने ‘मुझे रात दिन बस..’ गीत सुनाए। ‘बजट विंस इलेक्शन’ विषय पर हुई वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने समर्थन और विपक्ष में तर्र्को के तीर छोड़ कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
महिला सशक्तिकरण विषय पर हुई पोस्टर प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाओं को साकार किया। उदघाटन समारोह में नेहा वर्मा ने ‘आयो रे आयो रे म्हारा ढोलना..’ गीत पर नृत्य कर मंत्रमुग्ध कर दिया। चित्रा ने ‘ओ मेरे दिल के चैन..’ व लवीना भागवानी ने सरस्वती वंदना पर नृत्य की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर कॉलेज के निदेशक प्रो. ईश्वर ठाराणी ने अतिथियों का स्वागत किया।
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले कॉलेज
सिम्फनी में सुखाड़िया व एमडीएस यूनिवर्सिटी के मैनेजमेंट विभाग के विद्यार्थी, अजमेर इंस्टीटयूट ऑफ टेक्नोलॉजी, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज अजमेर, महर्षि अरविंद इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट, जयपुर, जोधपुर इंस्टीटयूट ऑफ मैनेजमेंट और मेजबान कॉलेज भाग ले रहे हैं।
मैनेजमेंट गेम्स भी
शनिवार शाम साढ़े पांच बजे फैशन शो होगा। दिन में अलग-अलग सत्रों में मैनेजमेंट गेम्स, कैस स्टडी, प्रॉब्लम, पेपर प्रजेंटेशन और सोलो एण्ड ग्रुप डांस प्रतियोगिताएं होंगी।