अजमेर.
आठवीं बोर्ड परीक्षा के पेपर आउट होने के मामले में नामजद शिक्षकों के खिलाफ एक हफ्ते बाद भी शिक्षा महकमे की ओर से कार्रवाई नहीं किए जाने से खफा विभिन्न शिक्षक संघों ने शुक्रवार को एकजुट होकर अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी का घेराव किया। शिक्षक नेताओं ने चेतावनी दी कि सोमवार तक यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे डीइओ को दफ्तर में नहीं घुसने देंगे।
शुक्रवार की दोपहर शिक्षक संघ राष्ट्रीय के सभाध्यक्ष शक्तिसिंह गौड़, राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील के प्रदेश उपाध्यक्ष इंसाफ अली, शिक्षक संघ शेखावत के प्रदेश उपाध्यक्ष उमेश शर्मा, मनोज दुबे और प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री विनोद तिवाड़ी ने अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी भरत कुमार शर्मा का घेराव किया।
पहले तो शिक्षक नेता डीइओ को दफ्तर बुलाने की बात पर अड़ गए। मगर डीइओ शांतिलाल जैन मसूदा डायट में चल रही प्रशासनिक जांच में गए हुए थे। शिक्षक नेताओं ने एडीइओ को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि मामूली मामलों में शिक्षकों को एपीओ कर दिया जाता है। मगर विभाग की छवि पर कालिख पोत देने वाली घटना के बावजूद जांच की आड़ में आरोपी शिक्षकों को बचाया जा रहा है।
शिक्षक नेताओं ने यह भी कहा है कि जांच में यदि किसी शिक्षक नेता की भागीदारी सामने आए तो उन्हें भी नहीं बख्शा जाए। क्योंकि मामले में शिक्षक संघों की छवि भी धूमिल हुई है। करीब सवा घंटे तक चली बहस के बाद नेताओं ने अधिकारियों को कार्रवाई करने के लिए सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया है।
शिक्षक नेताओं ने नामजद एवं आरोपी शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। डीइओ एवं डीडी को उनकी मांग से अवगत करवाया जाएगा।
-भरत कुमार शर्मा, एडीइओ, प्रारंभिक शिक्षा
जांच पर उठाई अंगुली..
शिक्षक संघों ने जांच पर भी अंगुली उठाई है। शिक्षक नेताओं ने एडीइओ को बताया कि नामजद 11 शिक्षकों एवं शक के दायरे में आए अन्य शिक्षकों को तत्काले एपीओ करना चाहिए था। मगर विभाग ने ऐसा नहीं किया। इन शिक्षकों के स्कूल में काम करने से जांच प्रभावित हो रही है क्योंकि सवाल स्कूल में हल करवाए गए थे। जिन कॉपियों में सवाल हल करवाए गए थे। उन्हें नष्ट करवा दिया गया। नेताओं के मुताबिक प्रशासनिक जांच अपनी जगह है। मगर मामले में विभाग को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए थी।
जांच रिपोर्ट आज
आठवीं बोर्ड परचा आउट प्रकरण में जांच अधिकारी एडीएम द्वितीय लालाराम गुगरवाल शनिवार को जांच रिपोर्ट पेश करेंगे। कलेक्टर ने रिपोर्ट पर चर्चा के लिए प्रकरण से जुड़े सभी अधिकारियों को बुलाया है। गुगरवाल दोपहर दो बजे बाद रिपोर्ट पेश करेंगे। उन्होंने शुक्रवार को कलेक्टर को जांच की प्रगति से अवगत कराया।