HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

भगवान के सहारे चल रही है सरकार

बीकानेर.photo विपक्ष के साथ अब मुख्यमंत्री ने भी स्वीकार किया कि उनकी सरकार भगवान भरोसे चल रही है। उन्होंने कहा कि बिना भगवान की इच्छा के कुछ भी नहीं हो सकता। इसलिए यह सही है कि मेरी सरकार भगवान के सहारे ही चल रही है।

मुकाम में गुरु जम्भेश्वर के आगे धोक लगाने के बाद हजारों की भीड़ को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा विधानसभा में की तो पुरुषों की जुबां पर ताले लग गए लेकिन मुकाम में इस बात का भारी समर्थन मिल रहा है। आज देश में सिर्फ दो ही जातियां हैं।

एक पुरुष और दूसरी महिला और दोनों में इतने अच्छे संबंध हैं कि आपसी मनमुटाव होने के बाद भी कुछ ही देर में दूरियां मिट जाती हैं इसलिए आम समाज को भी इन दो जातियों से सबक लेना चाहिए। कुछ लोग उनसे जबरदस्ती अपनी मांगें मनवाना चाहते हैं लेकिन वसुंधरा उनसे डरने वाली नहीं है। हंसी-खुशी मांगोगे तो सब मिलेगा मगर आंख दिखाई तो कुछ भी हासिल नहीं होगा।

महिलाओं की तरफ इशारा करते हुए कहा कि आपकी बहू-बेटी की ओर कोई गुर्राए तो आप उसकी आंख निकाल लेना। इससे पहले मध्यप्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री अजय बिश्नोई, सांसद जसवंतसिंह बिश्नोई, लादूराम बिश्नोई, संसदीय सचिव गोविंद मेघवाल, रामनारायण बिश्नोई समेत अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया।

स्कूलों में नीली ड्रेस पर पुनर्विचार

सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की नीली ड्रेस पर आपत्ति उठाते हुए गोवर्धन दास ने इसे बदलने की मांग की। उन्होंने मांग की कि धर्म में यह रंग सही नहीं माना गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीले रंग को पहली बार किसी ने धर्म से जोड़ा है। यदि समाज को इस रंग से ठेस पहुंचती है तो जयपुर पहुंचकर शिक्षा अधिकारियों से चर्चा कर इसे शीघ्र बदलने का प्रयास किया जाएगा।

भीड़ में पहुंची मुख्यमंत्री

2004 में मुकाम आई मुख्यमंत्री का धोक लगाते एक किसान उनका फोटो लाया और उसने दूर से मुख्यमंत्री की तरफ इशारा किया। इसे देख मुख्यमंत्री मंच से उतरकर भीड़ में घुस गई और उससे फोटो लेकर उसको धन्यवाद दिया तथा फोटो को ह्दय से लगा लिया। इस कारण थोड़ी देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। भाषण के तुरंत बाद फिर मुख्यमंत्री महिलाओं के बीच पहुंच गई।

लोगों ने मुख्यमंत्री को घेर लिया। भीड़ को देखकर स्थिति बिगड़ती देख मुख्यमंत्री दुबारा मंच पर चढ़ गई और संतों का आशीर्वाद लेकर चार बजे रवाना हो गई। यहां बिश्नोई समाज के अलावा राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष मानिकचंद सुराना, भाजपा नेता सत्यप्रकाश आचार्य, गोपाल गहलोत, किशनाराम नाई समेत अनेक नेता मौजूद थे। मांगीलाल डूडी, रामसुख व सीमा बिश्नोई ने सीएम को चुनड़ी ओढ़ाई।

सौगातों का तड़का

मुकाम में आई मुख्यमंत्री ने समाज की लगभग सभी मांगें मान ली। समाज की भावनाओं को देखते हुए एक-एक कर सौगातों का पिटारा खोलना शुरू किया। सबसे पहले समाज के कन्या छात्रावास के लिए करणीनगर बीकानेर में चार बीघा जमीन को मंजूरी दी। उसके बाद भामटसर से मुकाम के बीच 10 किलोमीटर सड़क की मंजूरी दी जिसका काम एक अप्रैल से शुरू होगा।

गुरु जम्भेश्वर की जन्म स्थली पीपासर में हैरिटेज सेल से काम कराया जाएगा। इसके लिए 50 लाख रुपए स्वीकृत किए गए। जरूरत पड़ने पर और दिया जाएगा। मुकाम से जांबा में सात किलोमीटर शेष सड़क के निर्माण की मंजूरी। 25 लाख रुपए मुकाम मंदिर की भूमि के ओरण के लिए मंजूर।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: