HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

जापान जाएंगे सरकारी स्कूल के बच्चे

बीकानेर. राज्य की माध्यमिक व उच्च माध्यमिक स्कूलों में कक्षा नौवीं से 12वीं तक के प्रतिभावान विद्यार्थी इस बार गर्मी की छुट्टियां विदेश में बिता सकेंगे। केन्द्र सरकार की एक योजना के तहत ‘जेसिको’ नामक एनजीओ के माध्यम से राज्य के 20 प्रतिभावान विद्यार्थियों को जापान भेजने की तैयारी की जा रही है। जापान-पूर्वी एशिया के छात्रों का अदान-प्रदान एवं युवा कार्यक्रम ‘जीनियस’ के अंतर्गत इन विद्यार्थियों को भेजा जाएगा।

सूत्रों के अनुसार भ्रमण दल में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कक्षा नौवीं से 12वीं में अध्ययनरत 20 विद्यार्थियों में 50 प्रतिशत छात्रांएं व एक शिक्षक को शामिल किया जाएगा। भ्रमण का कार्यक्रम मई से जुलाई 2008 तक चार चरणों में रखा गया है। एक जिले से एक ही छात्र या छात्रा का चयन होगा। इनमें सामान्य, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति, ओबीसी तथा अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

सामान्य वर्ग के छह छात्र और सात छात्राओं के अलावा अन्य वर्गो का एक-एक विद्यार्थी शामिल हो सकेगा। विदेश भ्रमण के लिए विद्यार्थियों के चयन का आधार उनकी योग्यताओं को बनाया गया है। जिले या माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में प्रथम, सांस्कृतिक गतिविधियों में स्कूल, जिले, राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर स्थान प्राप्त, वाद-विवाद, क्विज, साहित्यिक गतिविधियों में स्कूल, जिले, राज्य या राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि इसके आवेदन-पत्र मानव संसाधन विकास मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाए गए हैं। माध्यमिक शिक्षा आयुक्तालय ने इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर वेबसाइट को डाउनलोड करके आवेदन-पत्र भरवाने को कहा है। छात्र-छात्राओं की सूची तथा आवश्यक दस्तावेज प्रमाणित करवाकर दस मार्च तक आयुक्तालय भेजने के निर्देश पत्र में दिए गए हैं। सभी जिलों से सूची मिलने के बाद राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजे जाएंगे। योजना का उद्देश्य प्रदेश के प्रतिभावान बच्चों को प्रोत्साहित करना है।

सभी मंडल उपनिदेशकों को इस योजना से अवगत करवाते हुए प्रतिभावान छात्र-छात्राओं की सूची मांगी है। आवेदन की अंतिम तिथि निकलने के बाद पत्र मिला था। इस संबंध में राज्य सरकार को लिखा जा चुका है। अंतिम तिथि बढ़ाने की अनुमति मिलने तक जिलों से प्रस्ताव भी आ जाएंगे।
-के.के.पाठक, माध्यमिक शिक्षा आयुक्त

सरकार ने मांगी तिथि बढ़ाने की अनुमति

कक्षा नौवीं से 12 वीं तक के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को जापान भ्रमण के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाने की अनुमति केन्द्र सरकार से मांगी गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 15 फरवरी थी, जबकि माध्यमिक शिक्षा आयुक्तालय को यह पत्र देरी से मिला। यात्रा में समय होने के कारण माध्यमिक शिक्षा आयुक्त के.के.पाठक ने राज्य सरकार को पत्र लिखा था। उसके आधार पर राज्य ने केन्द्र को लिखा है। विभाग को अनुमति मिल गई तो प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थी जापान की सैर कर सकेंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: