मुंबई.ठाकरे परिवार उत्तर भारतीयों के खिलाफ लाख बयानबाजी करे, लेकिन अधिकांश उत्तर भारतीय बॉलीवुड कलाकारों को इसमें कुछ गलत नजर नहीं आता। हां, ये बात अलग है कि इनमें से कुछ कलाकार बाल ठाकरे के साथ हैं तो कुछ राज के साथ। कुछ ऐसी फिल्मी हस्तियां भी हैं, जिन्होंने राज ठाकरे के समर्थन में हाल ही में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था, लेकिन विरोध देखते हुए अपने पैर पीछे खींच लिए हैं।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) प्रमुख राज ठाकरे पर राज्य में रैली करने और भाषण देने पर लगी पाबंदी के खिलाफ चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में सलमान खान, अरबाज खान, नाना पाटेकर और साजिद नाडियाडवाला जैसी कई बॉलीवुड हस्तियों ने भाग लिया था। उनके इस कदम का जब जबर्दस्त विरोध हुआ तो वे शुक्रवार को सफाई देने मीडिया के सामने आ गए।
बाहर से आने वालों के खिलाफ नहीं हूं : सलमान
सलमान का कहना है कि वे उत्तर भारतीयों या मुंबई में बाहर से आए लोगों के खिलाफ नहीं हैं। उनका परिवार भी मुंबई में बाहर से ही आया है। सलमान का कहना है कि इस मामले में उन्हें और उनके परिवार को बेवजह घसीटा जा रहा है। वहीं फिल्मकार साजिद नाडियाडवाला ने कहा है कि उन्होंने ‘राइट टू फ्रीडम’ के लिए अपने हस्ताक्षर किए हैं न कि एमएनएस के समर्थन में।
40 साल से यहां हूं, कभी कोई दिक्कत नहीं आई : शत्रुघ्न
शत्रुघ्न सिन्हा मानते हैं कि मुंबई ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। वे यहां 40 साल से हैं, कभी कोई दिक्कत नहीं आई। भोजपुरी अभिनेता मनोज तिवारी का भी कहना है कि इलैक्ट्रॉनिक मीडिया ने बाल ठाकरे के लेख पर जो हंगामा मचाया, वह गलत है। मनोज वाजपेयी ने कहा है कि उत्तर भारत में बेरोजगारी की वजह से वहां के लोग मुंबई आते हैं। यदि वहां के नेता रोजगार की व्यवस्था करें तो लोग मुंबई क्यों आएंगे।