HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

फिल्म देखकर रची थी साजिश

भोपाल. अरेरा कालोनी के नुपुर कुंज में कोल माइंस के रिटायर्ड चीफ इंजीनियर रामजी सहाय के घर डकैती डालने की योजना उनके नौकर ने एक फिल्म देखकर बनाई थी। पुलिस ने नौकर और उसके भाई को गिरफ्तार कर चोरी किए गए तीन लाख 26 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं।

एसपी जयदीप प्रसाद ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में संवाददाताओं को यह जानकारी दी। श्री सहाय के नौकर रामू यादव ने पुलिस गिरफ्त में बताया कि शराब पीने के बाद वह टीवी देख रहा था। श्री सहाय 29 फरवरी से परिवार समेत बाहर गए हुए थे।

फिल्म में सनी देओल को उसने घरेलू नौकर के रूप में डकैती की योजना बनाते देखा। इसे देखकर उसने अपने भाई रामकेश यादव को खापाखेड़ा सारणी फोन किया और उसे बुला कर नोटों से भरी अटैची देकर रवाना कर दिया। रामकेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

इसके बाद घर का सामान तितर-तिबर करके उसने पुलिस को जानकारी दी। हालांकि जल्दी ही उसकी असलियत सामने आ गई। पुलिस ने उसके भाई रामकेश को भी गिरफ्तार कर लिया है। रामू जब आठ साल का था, तब से श्री सहाय के पास काम कर रहा था। श्री सहाय भोपाल आ गए हैं। जांच में यह बात आई कि रामू ने सोने के जेवरों को हाथ तक नहीं लगाया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: