HomeNewsMetrosIndore Indore

काले कपड़े पहन छात्र पहुंचे कुलपति के घर

इंदौर. कोर्स स्थानांतरण और नाम बदलने का विरोध करने आईआईपीएस के छात्र काले कपड़े पहनकर कुलपति के घर पहुंचे और विरोध जताया। शुक्रवार सुबह 11 बजे यूनिवर्सिटी के खंडवा रोड तक्षशिला परिसर में कुलपति डॉ. भागीरथ प्रसाद के घर आईआईपीएस के छात्र काले कपड़े पहनकर विरोध करने पहुंचे। इस दौरान आईआईपीएस के कई शिक्षक और कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. ए.के. दत्ता भी वहां थे।

डॉ. दत्ता ने समय लेकर 5 छात्रों को कुलपति से मिलवाया। उनकी मांग थी कि आईआईपीएस के कोर्स दूसरे विभागों में न स्थानांतरित किए जाएं और न उनके विभाग का नाम बदला जाए। कुलपति ने उन्हें कहा न किसी विभाग का नाम न बदल रहे हैं और न कोर्स स्थानातंरित कर रहे हैं।

काली ड्रेस पहनकर आना
प्रदर्शन करने आए आईआईपीएस के छात्रों को पता नहीं था किस का विरोध करने जा रहे हैं जबकि सारे छात्र एक-सी ड्रेस पहनकर आए थे। जब उनसे पूछा तो बोले हमें नहीं पता प्रदर्शन किस बात का है, हमें तो फोन कर कहा गया था काली ड्रेस पहनकर आ जाना प्रदर्शन करना है।

ये है विवाद
वर्तमान में यूनिवर्सिटी का आईआईपीएस विश्वविद्यालय अधिनियम के ऑर्डिनेंस 31 के तहत स्कूल ऑफ स्टडीज (एसओएस) के रूप में चल रहा है। यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक कार्यालय से एक पत्र जारी हुआ था इसमें विभाग का नाम बदलने के साथ ही कुछ कोर्स अन्य विभागों में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव था। इसके बाद आईआईपीएस में गहमा गहमी शुरू हो गई थी।

मुझे जानकारी नहीं
>> प्रशासनिक कार्यालय से हमारे पास पत्र आया था कॉलेज का नाम बदलना है और कुछ इधर से उधर हो रहे हैं। हमने इसका जवाब नहीं दिया है। कुछ छात्र कुलपति से बात करना चाह रहे थे तो मैंने मिलवा दिया पर काले कपड़े पहनकर विरोध करने की जानकारी मुझे नहीं थी।
डॉ. ए.के. दत्ता, प्रभारी डायरेक्टर आईआईपीएस

छात्रों की गलतफहमी है
>> आईआईपीएस के छात्र बात करने आए थे, उन्हें गलतफहमी है कि उनके इंस्ट्टियूट का नाम बदलकर कोर्स इधर से उधर किए जा रहे हैं। ये बातें प्रशासनिक स्तर की होती हैं इससे छात्रों का कोई सरोकार नहीं। किसी भी संस्था का नाम व कोर्स ऐसे नहीं बदले जाते।
डॉ. भागीरथ प्रसाद, कुलपति





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: