झाबुआ. माध्यमिक शिक्षा मंडल ने बीते साल हायर सेकंडरी व हाई स्कूल परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन में हुई गड़बड़ियों को देखते हुए नई गाइड लाइन तय की है। पारिश्रमिक के चक्कर में शिक्षक एक दिन में 60-70 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कर देते थे।
अब शिक्षकों को एक दिन में 30 उत्तरपुस्तिकाएं ही दी जाएंगी। विशेष परिस्थिति में 45 उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शिक्षक कर सकेंगे। इससे अधिक पर उन्हें पारिश्रमिक नहीं मिलेगा। 30 से कम मूल्यांकन करने पर शिक्षक को उस दिन का वाहन भत्ता नहीं मिलेगा।
मंडल के नए निर्देशों के अनुसार मूल्यांकनकर्ता को 30 उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए पांच घंटे का समय दिया गया है जबकि 45 उत्तरपुस्तिकाओं के लिए सात घंटे तय किए गए हैं। इस बार अशासकीय व शासकीय संस्थाओं के सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं व्याख्याता मूल्यांकन नहीं कर सकेंगे जबकि बीते साल तक उन्हें बुलाया जाता रहा है।
मंडल के निर्देशों के मुताबिक हायर सेकंडरी परीक्षा का मूल्यांकन संभाग स्तर पर व हाई स्कूल परीक्षा का जिला स्तर पर होगा। ग्वालियर, सागर, रीवा, उज्जैन, इंदौर, भोपाल, जबलपुर स्थित मूल्यांकन केंद्रों पर दोनों परीक्षाओं का मूल्यांकन होगा। इसका प्रथम चरण 21 मार्च से शुरू होगा जबकि दूसरा 2 अप्रैल से।