News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. ककेटो जलाशय से पंपों के जरिए पेहसारी जलाशय तक पानी छोड़े जाने के कार्य का शुक्रवार को एक समारोह के आयोजन के साथ शुभारंभ हो गया। इसका शुभारंभ ककेटो जलाशय परिसर में प्रदेश के जल संसाधन मंत्री अनूप मिश्रा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने किया।
तिघरा जलाशय में मात्र 31 मार्च तक का पेयजल उपलब्ध होने से चिंतित प्रदेश के जल संसाधन मंत्री अनूप मिश्रा ने ककेटो से पहले पेहसारी बाद में तिघरा जलाशय पानी लाए जाने की कार्ययोजना बनवाई थी।
इस कार्ययोजना को धरातल में उतारने के लिए श्री मिश्रा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के समक्ष यह कार्ययोजना रखकर 13 करोड़ रुपए स्वीकृत कराए थे। ककेटो से पानी लिफ्टिंग के लिए वहां एक बड़ा प्लान्ट लगाया गया है।
बिजली के न होने से डीजल के जरिए लिफ्टिंग चलाकर ककेटो से 16 पम्प लगातार चलने के बाद पेहसारी में प्रतिदिन 217 क्यूसिक पानी छोड़ा जाएगा। शुक्रवार को यहां से पाइपों के जरिए छोड़ा गया पानी पेहसारी बांध में पहुंच जाएगा, वहां भी लिफ्टिंग कर यह पानी तिघरा जलाशय में छोड़ा जाएगा।
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों का दावा है कि ककेटो जलाशय से तिघरा जलाशय पानी भेजने के बाद 31 अगस्त तक शहर की जनता को पेयजल उपलब्ध हो जाएगा। पानी लिफ्टिंग के कार्य का शुभारंभ प्रदेश के जल संसाधन मंत्री अनूप मिश्रा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने विधि विधान के साथ किया।
वहां लगाए गए विद्युत संयंत्रों के चालू होने के बाद छह पाइपों के जरिए ककेटो से पेहसारी जलाशय के लिए पानी का जाना शुरू हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश के वन राज्य मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, जीडीए अध्यक्ष जगदीश शर्मा, कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव, नगर निगम कमिश्नर डा. पवन शर्मा मौजूद थे।
छह पम्पों के जरिए 9.26 मिली घन फीट पानी प्रवाहित होगा
जल संसाधन विभाग के अनुसार पानी लिफ्टिंग के कार्य का वर्तमान में ककेटो बांध से 150 एचपी के छह पम्प पूर्णत: 180 मीटर लम्बी पाइप लाइन जोड़कर शुरू कर दिया गया है। 12 मार्च तक इन छह पम्पों के प्रतिदिन चलने से 9.26 मिली घन फीट पानी की मात्रा प्रवाहित होगी।
जल संसाधन विभाग का दावा है कि 13 मार्च से 22 मार्च तक ककेटो जलाशय पर पानी लिप्टिंग के लिए 12 पम्प चलेंगे। इनके प्रतिदिन चलने से दस दिन में पेहसारी में लगभग 148 मि. घन फीट पानी की मात्रा उपलब्ध होगी।
23 मार्च से दो और पम्प चलना शुरू हो जाएंगे जल संसाधन विभाग के दावे के अनुसार लगातार 14 पम्प के चलने पर 17.28 मि. घन फीट पानी प्रतिदिन पहसारी बांध पर उपलब्ध होगा। वर्तमान में ककेटो बांध में 1108. फीट पर 1627.00 मि.घन फीट पानी की मात्रा उपलब्ध है। पहसारी बांध का जल स्तर 1084.15 फीट है, जिस पर 860 मि. घन फीट पानी की मात्रा उपलब्ध है। पहसारी बांध के नहर का सिल लेविल 1086.50 फीट है।
भाजपा सरकार जनहितैषी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने ककेटो जलाशय पर लिफ्टिंग कार्य का शुभारंभ समारोह में कहा कि भाजपा सरकार जनहितैषी है। कांग्रेस लंबे समय तक सरकार में रही, लेकिन उसने शहर की पेयजल समस्या की ओर कभी ध्यान नहीं दिया।
श्री तोमर ने कहा कि भाजपा पेयजल समस्या के साथ-साथ जनता की हर मूलभूत समस्याओं के प्रति गंभीर है,उनके निराकरण के लिए सतत् प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि यहां से तिघरा जलाशय पानी पहुंचने के बाद शहर की जनता को पेयजल समस्या से निजात मिल जाएगी। उन्होंने इस कार्ययोजना को मूर्त रूप दिलाने के लिए प्रयास करने पर अनूप मिश्रा की सराहना की।