News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री रेणुका चौधरी ने महिला हिंसा और उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता जताते हुए, इनकी रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाये जाने की बात कही है। यहां बैजाताल में ग्वालियर हेरिटेज महोत्सव का उद्घाटन करने आईं सुश्री चौधरी ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि लोगों को इस बात को समझना होगा कि महिलाएं सिर्फ मनोरंजन का साधन नहीं हैं।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर देश के कई प्रदेशों में घरेलू हिंसा के मामलों में हो रही वृद्धि को लेकर किये गये सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं को सुरक्षा दिलाने के लिए संकल्पित है। कन्या भ्रूण हत्या को एक गंभीर संकट बताते हुए उन्होंने ग्यारहवी योजना में इससे निपटने के लिए विशेष प्रयासों के तहत पालना योजना आरंभ करने की बात भी कही।
बेसहारा, परित्यक्त महिलाओं और विधवाओं को सहारा देने के लिए वर्ष 2001 में आरंभ की गई स्वधार आश्रयगृह योजना के तहत देश में अब तक मात्र 210 आश्रयगृह ही खोले जाने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इनके लिए प्रस्ताव राज्य सरकार की ओर से भेजे जाते हैं। राज्य सरकार की ओर से कोई प्रस्ताव जायेगा तो केंद्र उचित पहल करेगा।
केंद्र सरकार के ताजा बजट में महिला कल्याण के लिए किये गये प्रावधानों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के मार्गदर्शन और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने देश के अब तक के इतिहास में पहली बार महिला उत्थान के लिए बजट में 32 फीसदी की वृद्धि की है। सरकार महिलाओं के मामले में उनके पैदा होने से लेकर ता-उम्र हर कदम पर उसकी मदद के लिए आगे आ रही है। चर्चा के दौरान सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उनके साथ थे।
भाजपा अपना बैण्ड बजाना जानती है : केंद्र सरकार की महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं के मप्र में क्रियान्वयन और उसके रिपोर्ट कार्ड के बारे में पूछे जाने पर सुश्री चौधरी ने कहा- आप भाजपा से हमारी तुलना न करें। हमारी बुनियाद अलग है और उनकी अलग। इसके बाद उन्होंने कहा- भाजपा सिर्फ अपना बैण्ड बजाना जानती है ताकि उसकी कमजोरियां छिपी रहें पर अफसोस इस बात का है कि सच क्या है, यह तो जनता जान ही जाती है।