HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

पत्नी की हत्या कर झूल गया फांसी पर

बिलासपुर. शराब के नशे में धुत पति ने मामूली विवाद पर पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इससे वह बेसुध होकर गिर पड़ी। पति को लगा कि उसकी मौत हो गई। पछतावे में उसने खुद भी फांसी लगा ली। आसपास के लोगों ने उसे फंदे से उतारा और दोनों को सिम्स भिजवा दिया। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल महिला ने दम तोड़ दिया।

जानकारी के मुताबिक घटना कोटा थाना क्षेत्र की है। फिरंगीपारा निवासी 55 वर्षीय चोवाराम यादव पिता हेतराम चरवाहा है। वह शराब पीने का आदी है। गुरुवार की सुबह उसका पैरा-कटिया वाले को रुपए देने की बात पर अपनी पत्नी कौशिल्या बाई से विवाद हो गया। कुछ देर तक कहासुनी के बाद वह चला गया। दोपहर लगभग 2:30 बजे वह शराब पीकर वापस घर लौटा। दोनों में फिर से विवाद शुरू हो गया।

कुछ देर तक बहस चलने के बाद वह तैश में आ गया और पास ही रखी कुल्हाड़ी उठाकर कौशिल्या के सिर पर वार कर दिया। सिर पर हुए तेज प्रहार से वह बेहोश होकर जमीन पर आ गिरी। उसके सिर से काफी खून बह रहा था। उसे देखकर चोवाराम को लगा कि उसकी मौत हो गई है। कुछ देर तक वह ऐसे ही बैठा रहा। इसके बाद उसे अपनी करनी पर पछतावा होने लगा।

पछतावे और हत्या की सजा के डर के बीच उसने खुदकुशी करने का मन बना लिया। कमरे में ही उसने एक फंदा तैयार किया और फांसी पर झूल गया। थोड़ी देर बाद एक परिचित व्यक्ति उनके घर पहुंचा। कमरे में बिखरा खून, बेसुध पड़ी कौशिल्या और फंदे पर लटकते चोवाराम को देखकर उसने शोर मचाना शुरू किया।

उसकी आवाज सुनकर कुछ ही समय में वहां आसपास के लोग पहुंच गए। उन्होंने फंदा काटकर उसे नीचे उतारा। कौशिल्या की सांसें चल रही थीं। दोनों को अस्पताल भिजवाया गया। सिम्स में इलाज के दौरान शुक्रवार को कौशिल्या ने दम तोड़ दिया। वहीं चोवाराम की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। उसे अब तक होश नहीं आया है।

36 घंटे बाद भी पुलिस को खबर नहीं
घटना के बारे में कोटा थाने से जानकारी मांगी गई तो उन्होंने किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया। जब पुलिसकर्मियों को यह बताया गया कि घटना बुधवार की दोपहर 2:30 बजे की है।

तब भी उन्होंने शुक्रवार की देर रात तक घटना के बारे में कोई जानकारी न होने की बात कही। वारदात के 36 घंटे बाद भी पुलिस को कोई खबर न होना उसकी कार्यप्रणाली को उजागर करता है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: