शिलॉंग/कोहिमा. मेघालय में कुर्सी छोड़ने की तैयारी में मुख्यमंत्री डीडी लपांग की सिफारिश पर राज्यपाल एसएस सिद्धू ने 60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा को भंग कर दिया है। वहीं, नागालैंड में आज पूर्व मुख्यंत्री और कांग्रेस के उम्मीदवार केएल चिशी ने जीत दर्ज की है।
कल त्रिपुरा और मेघालय के चुनाव परिणाम आने के बाद कल ही शाम को लपांग ने विस भंग करने की अनुशंसा की थी। राज्यपाल सिद्धू ने विस भंग करने के साथ ही लपांग और उनके मंत्रिमंडल का इस्तीफा भी स्वीकार कर लिया है लेकिन अगली सरकार के गठन तक उनसे पद पर बने रहने को कहा है।
गौरतलब है कि मेघालय में किसी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है हालांकि कांग्रेस को कुल 60 में से 25 सीटें हाथ लगी हैं और वह राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। कांग्रेस को पिछली बार की अपेक्षा इस बार तीन सीटों का फायदा भी हुआ है।
वहीं, आज 60 सदस्यीय नागालैंड विधानसभा के लिए चल रही मतगणना के दौरान खबर आई है कि चिशी ने दीमापुर एक सीट से एनपीएफ उम्मीदवार एटोमी को 4103 वोटों से हरा दिया है। कांग्रेस के उम्मीदवार नुंगसंज्ञापांग इमपुर सीट अपने पास फिर रखने में सफल रहे वहीं कांग्रेस के ही तैरी वोन ने एनपीएफ के के सैमुअल को 4901 वोटों से हरा दिया। दूसरी ओर, पूर्व मंत्री व स्वतंत्र उम्मीदवार के होलोहोन ने घसपानी दो सीट से जीत दर्ज की है।
संबंधित खबरें
* नागालैंड के नतीजे आज
* नागालैंड में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी