भोपाल. प्रदेश के मेडिकल कालेजों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में और पालीटेक्निक संस्थानों में डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश परीक्षाओं की तिथि तय कर ली गई है। व्यावसायिक परीक्षा मंडल द्वारा ली जाने वाली प्रीपीजी 20 अप्रैल और पीपीटी 11 मई को आयोजित की जाएंगी। व्यापमं द्वारा इसकी विधिवत घोषणा अगले सप्ताह में की जाएगी।
शासन ने प्रीपीजी, पीपीटी और र्न्िसग टेस्ट के नियम तैयार कर लिए हैं। इन नियमों के आधार पर व्यापमं ने परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी है। प्रीपीजी, पीपीटी और जीएनटीएसटी (जनरल नर्र्सिग ट्रेनिंग सिलेक्शन टेस्ट) की नियम पुस्तिकाएं तैयार करवाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि इन परीक्षाओं के नियमों में कोई बड़ा फेरबदल नहीं किया गया है। व्यापमं परीक्षा नियंत्रक एसके भदौरिया कहते हैं कि नियमों के आते ही तैयारी शुरू कर दी है।
अगले सप्ताह में इसकी सूचना जारी की जाएगी। इन परीक्षाओं के साथ ही व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में अगले सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रियाओं का सिलसिला शुरू हो गया है। व्यापमं के अधिकारियों को अब पीईटी और पीएमटी के नियमों का इंतजार है। दरअसल इस सत्र से इन परीक्षाओं में आरक्षण पद्धति मे बदलाव किए जाने से सरकार अभी तक प्रवेश नियम ही तैयार नहीं कर पाई है। यही वजह है कि इन परीक्षाओं की तिथि तय होने में देरी हो रही है।