भोपाल. कोलार नगर पालिका अध्यक्ष मुन्नी यादव के पति मंगल सिंह द्वारा शुक्रवार को पुलिस का डंडा छीनकर सपा की महिला कार्यकर्ता के सिर पर मारने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। एसपी ने मामले की जांच के लिए सीएसपी रामसनेही मिश्रा को निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को सपा कार्यकर्ता जब नपा अध्यक्ष का पुतला दहन की तैयारी कर रहे थे, तब मंगल सिंह और उसके साथियों ने बीमां कुंज पर हंगामा कर दिया था। मंगल ने महिला कार्यकर्ता के सिर पर डंडा मार दिया था। इस मामले में मंगल सिंह सहित चार अन्य पर मारपीट और बलवा का प्रकरण दर्ज हुआ था। शनिवार को भी आरोपी आनंद यादव, भंवर सिंह और विनोद यादव को गिरफ्तार नहीं किया जा सका, जबकि मंगल सिंह ने शुक्रवार को ही जमानत ले ली थी।
सीएसपी रामसनेही मिश्रा ने बताया कि कोलार थाना प्रभारी अनिल वर्मा ने समय पर वरिष्ठ अधिकारियों को पुतला दहन कार्यक्रम की जानकारी नहीं दी, कहीं न कहीं लापरवाही हुई है। उन्होंने बताया कि इस घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं। इधर सपा के लखन गौतम, भाजपा पार्षद अमित शुक्ला, समाजसेवी ललित चतुर्वेदी ने घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।