भोपाल. माध्यमिक शिक्षा मंडल की शनिवार को हुई हाई स्कूल परीक्षा में गणित के पेपर ने परीक्षार्थियों का तनाव बढ़ा दिया। पेपर अपेक्षा से ज्यादा कठिन होने से कई विद्यार्थियों के पर्चे बिगड़ गए। परीक्षार्थी जब परीक्षा हॉल से बाहर निकले, तो अधिकतर के चेहरे मुरझाए हुए थे। छात्रों के मुताबिक पेपर थोड़ा लंबा था, इसलिए समय कम पड़ गया। कुछ भी आउट ऑफ सिलेबस नहीं आया। संयुक्त संचालक कार्यालय का दल जब उबेदिया स्कूल पहुंचा, तो दो छात्र नकल करते पाए गए। दल को देख उन्होंने पर्ची छुपाने की नाकाम कोशिश की। भोपाल जिले में नकल के नौ प्रकरण बने हैं।
शहडोल जिले में 27 प्रकरण
हाई स्कूल परीक्षा में शनिवार को कई जिलों में नकल प्रकरण बने हैं। माध्यमिक शिक्षा मंडल के प्रवक्ता ने बताया कि भोपाल और विदिशा जिले में नौ-नौ, रायसेन जिले में 14, सीहोर जिले में छह, टीकमगढ़ में दो, पन्ना में दो , नरसिंहपुर में एक, शहडोल जिले में 27, ग्वालियर जिले में छह, मुरैना में सात, श्योपुर में नकल का एक प्रकरण बना है।
भाषा का पेपर कल हायर सेकंडरी परीक्षा में 10 मार्च को द्वितीय भाषा सामान्य हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत मराठी, उर्दू, पंजाबी, सिंधी, बंगाली, गुजराती, तेलगू, तमिल, मलयालम, अरेबिक, परशियन, फ्रेंच, रशियन, कन्नड़ और उड़िया के पेपर होंगे।
पर्चे में गलती
हाई स्कूल का गणित का पेपर कठिन तो था ही, उसमें गलतियां भी थीं। छात्रों के मुताबिक वस्तुनिष्ठ प्रश्नों में कई त्रुटियां थी। इसको स्कूल के क्रेंद्र अध्यक्ष भी स्वीकार कर रहे हैं।
सी सेट के खंड अ में पूछे गए वस्तुनिष्ठ प्रश्न का विकल्प ही नहीं था। छात्र पुष्पेंद्र चौहान ने बताया कि इन प्रश्नों को लेकर असमंजस बना रहा, क्योंकि सही उत्तर दिए ही नहीं गए थे। कुछ छात्रों ने बताया कि पर्यवेक्षक भी नहीं बता पा रहे थे कि इन प्रश्नों का क्या करना है। एक स्कूल के केंद्राध्यक्ष ने बताया कि दो प्रश्नों में त्रुटियां मिली हैं। ऐसे में छात्र जिस भी विकल्प को टिक करता है, उसे सही माना जाता है। छात्र चाहे तो स्वयं सही उत्तर निकालकर भी लिख सकता है।
सात नकलची पकड़े
नसं. भोपाल. बरकतउल्ला विवि की मुख्य परीक्षाओं में शनिवार को सात छात्रों को नकल करते पकड़ा गया। अलग-अलग केंद्रों के इन छात्रों को उड़नदस्तों के आकस्मिक निरीक्षण में पकड़ा गया। विवि के बीकॉम सेकंड इयर के पर्चे में उड़नदस्तों ने कुछ छात्रों की गतिविधियां संदिग्ध देखकर उनकी तलाशी ली, जिसमें इन छात्रों के पास से नकल की पर्चियां पाई र्गई। ये मामले शासकीय कॉलेज बैतूल में दो, शासकीय कॉलेज सारणी में दो, एसएसएल जैन कॉलेज विदिशा में दो और शासकीय कॉलेज रायसेन में एक छात्र के दर्ज किए गए हैं।