जयपुर. झोटवाड़ा से करीब बारह व नांगल जैसा बोहरा से तीन किलोमीटर दूर गणोशम कॉलोनी की भूमि में शनिवार सुबह बोरे में बंद एक व्यक्ति का शव मिला है। इस व्यक्ति की दूसरी जगह हत्या की गई थी। इसके बाद कार में डालकर शव को यहां लाया गया। झोटवाड़ा पुलिस को सुबह फोन पर किसी व्यक्ति ने बोरे में लाश पड़ी होने की सूचना दी थी। लाश का हाथ बाहर निकला हुआ था।
इस पर थाना इंचार्ज व उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर दो बोरों में बंद की हुई लाश मिली। मृतक के शरीर पर टीशर्ट व अंडरवियर मिले हैं। उसके एक हाथ पर विकास केसी गुदा हुआ था। मृतक की पहचान छुपाने के लिए गुदे हुए को मिटाने का प्रयास किया गया। इससे व्यक्ति के हाथ पर खरोंचें भी आई थीं। पुलिस का मानना है कि आरोपियों ने व्यक्ति की हत्या सोते समय की।
उन्होंने धारदार हथियार से उसके ललाट के ऊपर तीन-चार, माथे, गाल व ठुड्डी पर एक-एक वार किया। उसका शव एक बोरे में बंद नहीं होने पर दूसरा बोरा सिर की तरफ से डाला गया। इसके बाद रस्सी से दोनों बोरों को सिला गया। मृतक की आयु लगभग 40 वर्ष, रंग गोरा, शरीर स्वस्थ, लंबाई करीब पौने 6 फुट, चेहरा गोल व मूछें हैं।
खून लगी रजाई मिली : पुलिस को मौके से करीब 3 किमी दूर बैनाड़ रेलवे स्टेशन के समीप खून लगा एक गद्दा व रजाई मिली है। मृतक व रजाई पर लगे खून का मिलान कराने के लिए एफएसएल से जांच कराई गई है।