बीकानेर. शनिवार को रोडवेज बस स्टैंड से रवाना हुई एक बस बिना कंडेक्टर तक 40 किलोमीटर चली गई। बाद में कंडक्टर एक जीप के माध्यम से वहां पहुंचा और बस अपने गतंव्य स्थल के लिए रवाना हुई। इस दौरान करीब 20 से 25 मिनट तक यात्रियों को कंडेक्टर का इंतजार करना पड़ा। रात 7 बजे बीकानेर से श्रीगंगानगर के लिए रोडवेज की बस रवाना हुई।
सवारियों से भरी बस जब जामसर के पास पहुंची तो पता चला कि कंडेक्टर तो पीछे ही रह गया है। आनन-फानन में चालक ने कंडेक्टर से फोन पर बात कर उसकी लोकेशन जानी। इस दरमियान बस जामसर में ही खड़ी रही। यात्रियों ने बस लेट होने के लिए कंडेक्टर को जिम्मेवार ठहराया। इस कारण जब कंडेक्टर बस में पहुंचा तो एक बारगी मामला गर्मा गया लेकिन कुछ यात्रियों ने बीचबचाव कर बस को रवाना करवाया।
बीकानेर डिपो के मुख्य प्रबंधक शायरसिंह ने बताया कि चालक ने यात्रियों की बात पर विश्वास कर लिया, इस कारण यह दिक्कत आई। डिपो से जब बस रवाना हो रही थी तो चालक ने पूछा भी था कि कंडेक्टर आ गया क्या, तो बस में सवार यात्रियों ने हां भर दी। बस में भीड़ भी थी। इस कारण यह दिक्कत आई।