बीकानेर. गंदे पानी के सूरसागर तालाब में भी बोटिंग हो सकती है! सुनने में यह बात भले ही शहरवासियों को अचरजभरी लगे लेकिन राजस्थान शहरी ढांचागत विकास प्रोजेक्ट (आरयूआईडीपी) के प्रयास रंग लाए तो 15 अगस्त तक यह संभव हो सकेगा। शहरवासियों के लिए वर्षो से नासूर बना सूरसागर आने वाले समय में वापस अपने पुराने लुक में आएगा।
सूरसागर प्रोजेक्ट का काम अप्रैल तक समाप्त करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। गंदे पानी की निकासी की तैयारी की जा रही है। इसके लिए बाहर से कुछ मशीनें मंगवाई गई हैं। नगरवासी कुछ ही समय में तालाब का तला देख सकेंगे। इसके लिए नगर परिषद के पास पंपिंग स्टेशन को शुरू किया गया है।
जानकारी के अनुसार सूरसागर तालाब से गंदे पानी को बाहर निकालने से पहले इसमें शहर का गंदा पानी पहुंचने के रास्ते बंद किए जा रहे हैं। इसके लिए पंपिंग स्टेशन 11 से लेकर 12 नंबर तक सीवर लाइन डाली जा रही है। नगर परिषद स्थित पंपिंग स्टेशन से नाले का गंदा पानी पंप करके सीवर लाइन की मदद से पब्लिक पार्क पंपिंग स्टेशन होते हुए आगे पहुंचाया जाएगा।
सूरसागर में शहर से आने वाले पानी की निकासी को रोकने के बाद उसे खाली करने का काम शुरू किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस का राजकीय समारोह बीकानेर में प्रस्तावित होने के कारण काम में तेजी लाई गई है। रात के समय भी काम किया जा रहा है। सूरसागर के पास तीन स्थानों पर जमीन से 20 फीट नीचे सीवरेज डाली जा रही है। सूत्रों ने बताया कि अप्रैल तक तालाब को पूरी तरह से साफ करके उसमें साफ पानी डाला जाएगा।
साथ ही चारों तरफ पत्थर की नई, डिजायन वाली मजबूत रेलिंग लगाकर उसका सौंदर्यकरण किया जाएगा। उसके बाद सूरसागर शहर का नासूर न होकर एक पिकनिक स्थल के रूप में विकसित होगा। सूरसागर प्रोजेक्ट का 60 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है। सूरसागर के मोडिफिकेशन के लिए छह करोड़ रुपए का बजट मंजूर है। राजपुताना कंस्ट्रक्शन सहित दो कंपनियां मिलकर यह काम कर रही हैं।
सूरसागर शीघ्र ही नए लुक में आएगा। जो काम कांग्रेस अपने राज में कभी नहीं करवा सकी वह भाजपा ने अपने चार साल के शासन में कर दिखाया। अब शहर का यह तालाब नासूर न होकर सुंदर पिकनिक स्थल बनेगा। इसका लोकार्पण मुख्यमंत्री से करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
-शशि शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता
सूरसागर से दस दिनों में पानी खाली करवाकर कीचड़ साफ करवाने की योजना है। दो कंपनियां यह काम कर रही है। एक कंपनी इसे खाली कर सौंदर्यकरण करेगी और दूसरी कंपनी सीवरेज के माध्यम से पानी को बाहर निकालेगी।
-जितेन्द्रसिंह राठौड़, एक्सईएन, आरयूआईडीपी
मुख्यमंत्री से लोकार्पण करवाने की कवायद
सूरसागर में बोटिंग का लोकार्पण मुख्यमंत्री वसुंधराराजे से करवाने की कवायद पार्टी स्तर पर की जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा इस उपलब्धि को भुनाने के हर संभव प्रयास में जुटी हुई है। आरयूआईडीपी पर दबाव है कि तालाब को 15 अगस्त तक परीक्षण करके पूरी तरह तैयार किया जाए, ताकि मुख्यमंत्री स्वयं इसमें बोटिंग करके इसका लोकार्पण करे। शहरवासियों के लिए भी यह नया अनुभव होगा। पार्टी के बड़े नेता इस संबंध में मुख्यमंत्री से समय लेने का प्रयास कर रहे हैं।