News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. एमएमआई के करीब भाटिया पेट्रोल पंप में आज शाम 6 बजे वहां के दो कर्मचारियों ने मामूली विवाद पर भाजपा कार्यकर्ता और ट्रक ड्राइवर पर पहले बंदूक टिकाई और फिर फरसे से हमला कर दिया। दोनों को आंबेडकर अस्पताल में दाखिल कराया गया है। आरोपियों को बंदी बना लिया गया है।
उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की सभा से लौट रहे मगरलोड इलाके के भाजपाइयों ने शाम को भाटिया पेट्रोल पंप में डीजल लेने ट्रक रुकवाया। वहां ट्रक मालिक लक्ष्मीनारायण साहू (22) और ड्राइवर मोहन साहू का पंप कर्मी शशिभूषण दुबे व कलीराम साहू से विवाद हो गया। पुलिस के अनुसार पंप के करीब पैरा गिरने को लेकर बात बढ़ी थी। ड्राइवर से गालीगलौच होने पर लक्ष्मीनारायण ने हस्तक्षेप किया। बात बढ़ने पर दोनों आरोपियों में से एक ने केबिन से दोनाली बंदूक उठा ली और लक्ष्मीनारायण पर टिका दिया। दूसरे ने फरसा उठाया और उस पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। बीच-बचाव करने आए ड्राइवर मोहन पर भी वे पिल पड़े। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। काफिले में दूसरा ट्रक भी था। उसके ड्राइवर सीतापाल ने भी बीच-बचाव की कोशिश की, उसे भी मारा गया।
घटना के दौरान वहां कोहराम मच गया। हमलावरों के हाथ में बंदूक देखकर आसपास के लोगों के होश उड़ गए। वहां भगदड़ मच गई। ट्रक (सीजी04जेड3165) सवार महिलाएं डर के मारे उतर कर भागीं। घटना स्थल पर खासी भीड़ जमा हो गई, जिससे हाईवे पर काफी देर तक जाम लगा रहा। घटना की सूचना पर टिकरापारा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया। सिटी एसपी डा. लाल उमेद सिंह ने बताया कि हमले में इस्तेमाल बंदूक और फरसा जब्त कर लिया गया। बंदूक लाइसेंसी है, लेकिन आरोपी के नाम से नहीं हैं। बंदूक किसके नाम से है, इस बारे में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। आरोपियों के खिलाफ धारा 294, 506, 307 और आर्म्स एक्ट के तहत जुर्म दर्ज किया गया है।