HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सभा में न्याय मांग रहीं महिलाओं का हंगामा

रायपुर. पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की साइंस कालेज मैदान पर सभा के दौरान हंगामा खड़ा हो गया। बलात्कार पीड़ित एक महिला ने साथियों से समेत न्याय के लिए गुहार लगाई और नारेबाजी के साथ हंगामा शुरू हो गया। उन्हें खदेड़ने के लिए भाजपाई पिल पड़े। इस दौरान झूमाझटकी और मारपीट के हालात थे।

गोद में बच्च लिए यह महिला ठीक उस वक्त खड़ी हुई जब श्री आडवाणी भाषण की शुरुआत करने वाले थे। उसके साथ कुछ और महिलाएं थीं। उनके हाथ में पोस्टर थे, जिन पर लिखा था कि महिला सशक्तीकरण करने की बात करने वाले राज्य में भाजपा के मंडल अध्यक्ष और उनके पुत्र ने बेसहारा महिला का शोषण किया है, हमें न्याय चाहिए। इस तरह के अलग-अलग स्लोगन वाले पोस्टर लहराने की वजह से सभा स्थल पर हड़कंप मच गया।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव और समर्थक दौड़ते हुए वहां पहुंचे। थोड़ी देर के लिए पुलिस के आला अफसरों के भी होश उड़ गए। मीडिया वालों के कैमरे भी महिलाओं की तरफ मुड़ गए। इसी दौरान पुलिस वाले और भाजपा नेता महिलाओं को शांत कर बैठाने का प्रयास करते रहे। कई भाजपा नेताओं ने पोस्टर छीनते समय छीनाझपटी भी की। हंगामे के बीच ही महिला पुलिस कर्मियों को वहां बुलाया गया और उस महिला को हिरासत में ले लिया गया।

महिला पुलिस कर्मी पीड़ित महिला को दूर लेकर र्गई। इस दौरान मंच से उतरकर कई नेता नीचे आ गए थे। महिला का मामला होने के कारण दुर्ग की महापौर सरोज पांडे को भी नीचे बुला लिया गया था। बताते हैं कि पीड़ित महिला रायपुर की कुकुरबेड़ा की है। उसने आरोप लगाया है कि भाजपा के मंडल अध्यक्ष और उसके पुत्र ने बलात्कार किया है।

महिलाओं का अपमान

प्रदेश कांग्रेस की महामंत्री शोभा यादव ने आरोप लगाया कि न्याय मांगने आडवाणी की सभा में गई महिला के साथ भाजपा नेताओं ने मारपीट की है। न्याय दिलाना तो दूर, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष ने उसकी पिटाई की। महिला सशक्तीकरण सम्मेलन में महिलाओं का अपमान किया गया है। भाजपा नेताओं को महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: