HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

परमाणु करार से देश को नुकसान

रायपुर. पूर्व उपप्रधानमंत्री तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि अमेरिका से दोस्ती गलत नहीं है, लेकिन ये वादा कैसे किया जा सकता है कि देश फिर से परमाणु विस्फोट नहीं करेगा। भाजपा इसलिए विरोध कर रही है। शनिवार को रायपुर के साइंस कालेज मैदान पर भीड़भरे महिला सशक्तीकरण सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री आडवाणी ने कहा कि देश में पहला परमाणु विस्फोट इंदिरा गांधी ने कराया था और दूसरा अटल बिहारी वाजपेयी ने।

इसके बाद दुनिया में भारत को एक ताकत के रूप में देखा जाने लगा। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अमेरिका से जो अनुबंध करने जा रहे हैं, उसमें देश का नुकसान है। हमें जब जरूरत होगी, हम परमाणु विस्फोट करेंगे। भाजपा के विरोध की यही वजह है। महंगाई पर खिंचाई : श्री आडवाणी ने महंगाई पर मनमोहन सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने महंगाई पर अंकुश लगा रखा था। अभी ऐसी कोई बात नजर नहीं आती। यह सरकार अफजल गुरु को फांसी पर नहीं चढ़ा पा रही है, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने भी संसद पर हमला करनेवाले की सजा को जायज करार दिया है।

पीएम को नहीं छोड़ा : उन्होंने कहा कि 21 वीं शताब्दी भारत की होगी। भारत की दुनिया में इज्जत बढ़ रही है। अब तो बड़े देश भी कहते हैं कि आईटी में भारत के लोग दूसरों से बेहतर हैं।

देश की तरक्की इसलिए हुई क्योंकि हमने लोकतंत्र को अच्छे ढंग से चलाया है। जिसने लोकतंत्र को ठेस पहुंचाई, उसे जनता ने सबक सिखाया। प्रधानमंत्री को भी नहीं छोड़ा। यही वजह है कि रायबरेली से इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थीं।

महिला विधेयक अभी आए

श्री आडवाणी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि सरकार लोकसभा के वर्तमान सत्र में ही महिला आरक्षण बिल लाए। भाजपा उसका समर्थन करेगी। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि वे केवल उन्हीं पार्टियों को समर्थन दें जो महिला आरक्षण लागू करना चाहती हैं। भाजपा हमेशा से महिलाओं को पूरा अधिकार देने की पक्षधर रही है। इसी का परिणाम है कि छत्तीसगढ़ की सरकार पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण देने जा रही है।

रमन की पीठ थपथपाई

श्री आडवाणी ने छत्तीसगढ़ की रमन सरकार की खुले मन से तारीफ की। उन्होंने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने सरकार चलाई है, उससे मन प्रसन्न होता है। सुशासन, जनकल्याण और विकास पर जिस तरह सरकार ने काम किया है, वह काबिले तारीफ है।

सबो बहिनी मन ला जोहार

श्री आडवाणी ने अपने भाषण की शुरुआत छत्तीसगढ़ी में महिलाओं का अभिवादन करते हुए की। उन्होंने कहा-‘सबो बहिनी मन ला जोहार।’ करुणा को रेणुका कहा

श्री आडवाणी अपने संबोधन के दौरान सांसद करुणा शुक्ला को बार-बार रेणुका कहकर संबोधित कर रहे थे। पहले तो लोगों को लगा कि श्री आडवाणी नाम भूल गए हैं, लेकिन जब दो-तीन बार यही नाम लिया तो लोगों को आश्चर्य हुआ।

महिलाओं को पंचायतों में

50 फीसदी आरक्षण : रमन

मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने महिला सशक्तीकरण सम्मेलन में घोषणा की कि सरकार छत्तीसगढ़ की पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने जा रही है। उन्होंने कहा कि तीन रुपए किलो चावल में महिलाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। अगर कहीं राशन दुकान में गड़बड़ी हो रही है तो महिलाएं उस दुकान को घेरकर बैठ जाएं और एक फोन डा. रमन को कर दें।

वह दुकान ही कैंसिल कर दी जाएगी। जो चावल की कालाबाजारी करे, उनके मुंह पर कालिख पोत दें। महिलाएं ऐसा करेंगी तो कोई कालाबाजारी नहीं कर पाएगा। उन्होंने श्री आडवाणी से आग्रह किया कि जब केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी तब किसानों को धान का समर्थन मूल्य एक हजार किया जाए। इसके अलावा किसानों को चार प्रतिशत ब्याज पर कृषि लोन मिलना चाहिए। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी महिलाओं से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को पढ़ाने के लिए स्कूल भेजें। लड़कियों की पढ़ाई के लिए विशेष प्रयास करें। इससे छत्तीसगढ़ अपने आप आगे बढ़ेगा।

महिलाएं पुरस्कृत

सम्मेलन में श्री आडवाणी ने महिला सशक्तीकरण की दिशा में बेहतर काम करने वाली महिलाओं को पुरस्कृत भी किया। सम्मेलन में उद्घाटन भाषण महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री लता उसेंडी ने दिया। इसमें सांसद रमेश बैस, करुणा शुक्ला, नंदकुमार साय, गृहमंत्री रामविचार नेताम, राजस्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, पंचायत मंत्री अजय चंद्राकर, पीडब्लूडी लोक निर्माण राज्यमंत्री समेत अनेक भाजपा नेता मौजूद थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: