News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर/सीपत. निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक के पास खेल रहा बालक फिसलकर पानी भरे टैंक में गिर गया। टंकी में डूबकर उसकी मौत हो गई। सीपत बस स्टैंड के पास रघुनाथ गुप्ता की घड़ी रिपेयरिंग की दुकान है। दुकान के पीछे ही उसका घर है। शुक्रवार की शाम रघुनाथ का 3 वर्षीय पुत्र हिमांशु अपने चचेरे भाई गौरव के साथ घर के पास खेल रहा था।
उनके घर से कुछ दूर पर एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। वहां पर सेप्टिक टैंक के लिए टंकी खुदी हुई है और उसमें पानी भरा हुआ है। हिमांशु और गौरव खेलते हुए टैंक के पास पहुंच गए। इस बीच अचानक फिसलकर हिमांशु टैंक में गिर गया। वह पानी में डूबने लगा। यह देखकर गौरव घबरा गया और भागकर वह घर पहुंचा और परिजन को घटना की जानकारी दी। परिजन उसे लेकर हास्पिटल पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हास्पिटल की अव्यवस्था पर भड़के ग्रामीण: टंकी से निकालने के बाद परिजन हिमांशु को लेकर सीधे सीपत के शासकीय चिकित्सालय पहुंचे। उस समय हास्पिटल से डाक्टर नदारद थे। इमरजेंसी केस का हवाला देते हुए जब ग्रामीणों ने वहां के स्टाफ से जल्दी डाक्टर से संपर्क करने के लिए कहा, तो उन्होंने कहा कि ‘यह हमारा रोज का काम है।’ इस पर ग्रामीण भड़क गए और चक्काजाम की तैयारी करने लगे। इसकी भनक जब डाक्टरों को मिली तो वे तत्काल हास्पिटल पहुंचे। हास्पिटल के स्टाफ के रवैये से ग्रामीणों में काफी आक्रोश व्याप्त है।