News
Chhattisgarh
Raipur Raipur बिलासपुर.
रामविलास वेदांती के बयान के खिलाफ कांग्रेस द्वारा आयोजित बंद का मिला-जुला असर रहा। बड़ी दुकानों और प्रमुख शापिंग स्थलों के शटर नहीं उठे। गोलबाजार व सदर बाजार की दुकानें दोपहर बाद तक बंद रहीं, हालांकि शाम को व्यवसाय शुरू होने से यहां रौनक नजर आई। मालधक्का में कारोबार नहीं हुआ। शहर के कुछ पेट्रोल पंप भी बंद थे। कांग्रेस ने शनिवार को प्रदेश महाबंद का आयोजन किया था।
इसके तहत शहरी और ग्रामीण इलाकों में बंद का आह्वान किया गया था। कांग्रेस ने इसके लिए व्यवसायी संगठनों से सहयोग मांगा था, जिस पर शुक्रवार को उन्होंने बैठक कर इसका समर्थन किया था। शहर के सभी प्रमुख व्यवसायी स्थलों पर बंद का असर दिखा। राजीव प्लाजा, श्रीराम क्लाथ मार्केट, सदर बाजार, गोल बाजार, नेताजी कांपलेक्स जरहाभाठा, तेलीपारा, गांधी चौक, तारबाहर, हाईकोर्ट रोड, दयालबंद, सरकंडा क्षेत्र में 80 प्रतिशत दुकानें बंद थीं।
पेट्रोल पंपों पर असर
कांग्रेस ने आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को बंद से छूट देने का एलान किया था, जिसमें पेट्रोल पंप भी शामिल थे। इसके बाद भी कुछ पेट्रोल पंप बंद थे। इसमें अंतूलाल पेट्रोल पंप दिन भर बंद रहा। वहां पर बाकायदा सूचना टांगी गई थी। नेहरू चौक स्थित राजेश पेट्रोल पंप सुबह कुछ देर बंद रहा, लेकिन दोपहर बाद खुल गया। यही स्थिति वलराज पेट्रोल पंप और तारबाहर चौक पर स्थित पेट्रोल पंप की थी।
शराब दुकानें बेअसर
बंद का शराब दुकानों पर कोई असर नहीं दिखा। गोलबाजार की शराब दुकान थोड़ी देर के लिए बंद हुई, इसके बाद वहां भी कारोबार शुरू हो गया। अलबत्ता इधर की सभी होटल व दवा दुकानें भी बंद नजर आईं।
छोटी दुकानें दिन भर खुलीं
बंद का असर शहर के प्रमुख व्यवसायिक स्थलों पर ही रहा। मोहल्लों और कालोनी इलाकों में कामकाज बदस्तूर जारी रहा। सिंधी कालोनी, बलराम टाकीज रोड, मुंगेली रोड, तिलक नगर रोड, बृहस्पति बाजार, चांटीडीह बाजार, शनिचरी, सिम्स चौक, ईदगाह चौक, मध्यनगरीय चौक में दुकानें दिन भर खुली रहीं, वहीं मुख्य मार्गो के कुछ व्यवसायिक प्रतिष्ठान और किराना व जनरल स्टोर खुले थे। दवा दुकानें दिन भर खुली रहीं।