नई दिल्ली. मुगलकालीन कुरान शरीफ को पांच करोड़ में बेचने की फिराक में घूम रहे तीन लोगों को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया है। भारतीय पुरातत्व विभाग ने इन प्राचीन कुरान शरीफ की प्रतियों की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में साढ़े तीन करोड़ रुपए आंकी है।
हालांकि दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुरानशरीफ के दिल्ली आने वाले नेटवर्क को तलाशते हुए राजस्थान और हरियाणा के कई ठिकानों को खंगालने का खुलासा जरूर किया है।
अरबी भाषा में लिखी ये कुरान की प्रतियां 150 व 200 पृष्ठ की लेदर लेमिनेटेड हैं। इसमें सुनहरे अक्षरों से शाहजहां और औरगंजेब काल से जुड़े होने का उल्लेख दर्ज है। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के एडिशनल कमिश्नर सतेंद्र गर्ग ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को इस बाबत सूचना मिली थी कि कुछ लोग प्राचीनकाल की कुरान शरीफ की दो प्रतियां बिक्री करने की फिराक में हैं।
इस पर पुलिस ने निजामुद्दीन रेलवे इलाके के एक होटल में जाल बिछा कर एक नकली ग्राहक भेजा और दोनों कुरान शरीफ को एक-एक करोड़ रुपए में खरीदने का सौदा तय किया गया।
नकली ग्राहक का इशारा मिलते ही गुरदीप सिंह (48), संजय नथानी(41) और प्रसन्नजीत (33) को धर दबोचा गया। ये लोग ग्रीन पार्क, सागरपुर इलाके के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो कार व दोनों कुरान की प्रतियां जब्त कर ली हैं।
सतेंद्र गर्ग ने बताया कि ये कुरान इनके पास कैसे पहुंची इस पर पूछताछ जारी है और इसके बाद ही दूसरे राज्यों में इनकी निशानदेही पर कार्यवाही संभव व कुछ गिरफ्तारियां संभव है।