लंदन.
अगर आप स्मोकिंग करते हैं तो आपको लगता होगा कि सिगरेट पीने से खुशी मिलती है। मगर यह सच नहीं है। एक स्टडी के मुताबिक स्मोकिंग न करने वाले लोग स्मोकिंग करने वालों की तुलना में ज्यादा खुशी का अनुभव करते हैं।
ब्रिटेन के पेनिनसुला मेडिकल स्कूल में लीड रिसर्चर डॉ. लेन लैंग के मुताबिक, हमें इस दावे से जुड़ा कोई प्रमाण नहीं मिला कि स्मोकिंग का रिश्ता खुशी से है। ऐसा न तो निम्न सामाजिक आर्थिक तबके के लोगों के साथ होता है और न ही सामान्य आबादी के साथ। हो सकता है लोगों को स्मोकिंग के वक्त खुशी का अहसास होता हो लेकिन वास्तव में वह उस समय कम खुश होते हैं। उन्हें जो भी मजा आता है वह केवल इसलिए क्योंकि वे इसके लती होते हैं।
रिसर्च के दौरान 50 साल से ज्यादा उम्र के करीब 1000 लोगों पर स्मोकिंग और मानसिक खुशी के बीच संबंधों की स्टडी की गई। रिसर्च से पता चला कि स्मोकिंग न करने वाले लोगों को खुशी और जिंदगी से संतुष्टि का ज्यादा अहसास होता है। स्मोकिंग आपको खुश नहीं करती बल्कि इसका संबंध आपके जीवन की खराब क्वॉलिटी से होता है। लैंग ने कहा- लोगों को यह ध्यान रखना चाहिए कि स्मोकिंग छोड़ देने से उनकी सेहत पर अच्छा असर तो पड़ेगा ही, साथ ही वे ज्यादा खुश रह सकेंगे।