मुलताई. मुलताई के एक किसान के खेत में गेहूं के एक-एक पौधे में 50 से अधिक बालियां लगी हुई हैं। यह खेत अन्य किसानों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। आम तौर पर अच्छी किस्म के गेहूं के पौधों में 10 से 15 बालियां ही होती हैं। कृषि विभाग गेहूं की उक्त किस्म का पता लगा रहा है।
मुलताई के धुंधु पंवार ने एक अनजान किसान से 22 किलो गेहूं का बीज लेकर आधा एकड़ में बोया था। अब इस गेहूं की उपज सभी के लिए आश्चर्य का विषय बन गई है। एक-एक पौधा ऐसा लगता है जैसे कई पौधों को एक साथ करके लगाया गया हो। हर पौधे में 40 से 58 बालियां हैं। प्रत्येक बाली में गेहूं के 100 से 120 तक दाने हैं। इस प्रकार एक दाने से लगभग 6 हजार दानों का रिकार्ड उत्पादन हुआ है। धुंधु ने बताया कि गेहूं के किस्म की जानकारी उसे भी नहीं है। बीज अच्छा लगने पर बोने के लिए ले लिया था।
फसल की कुल पांच सिंचाई और तीन बार खाद दिया है। धुंधु ने आत्मा परियोजना के चेयरमेन राजेंद्र भार्गव और वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी आरजी वानखेड़े को फसल दिखाई। श्री भार्गव ने तकनीकी मार्गदर्शन के साथ किसान को भरपूर सहयोग देने का आश्वासन दिया। क्षेत्र भर के किसान फसल देखने पहुंच रहे हैं।
एक पौधे में गेहूं की 60 बालियां होना आश्चर्यजनक है। वैज्ञानिकों और कृषि विश्वविद्यालय से जानकारी लेकर इस किस्म का पता किया जाएगा। अधिक पानी वाले किसानों के लिए यह किस्म उपयोगी साबित होगी।
- आरजी वानखेड़े, कृषि विस्तार अधिकारी