भोपाल. अंडर-19 विश्व क्रिकेट टूर्नामेंट में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले अजितेश अर्गल का रविवार को भोपाल लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। ओल्ड कैंपियन ग्राउंड पर आयोजित अभिनंदन समारोह में दैनिक भास्कर ने अजितेश को भोपाल गौरव से सम्मानित किया। भास्कर के एडिटोरियल स्टेट हेड अभिलाष खांडेकर और जनरल मैनेजर मुदित गुलाटी ने उन्हें एक लाख रुपए का चेक और स्मृति चिह्न् भेंट किया।
निर्धारित समय से तीन घंटे देरी से 1.45 बजे अजितेश भोपाल एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनके परिजनों, भोपाल क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों और अन्य क्रिकेट प्रेमियों ने ढोल-ढमाकों और आतिशबाजी के बीच फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इसके बाद अजितेश को एक विजयी जुलूस के रूप में एयरपोर्ट से ओल्ड कैंपियन तक लाया गया। इस दौरान जगह-जगह उनका स्वागत किया गया।