HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

छिंदवाड़ा को मिला संभाग का तोहफा

छिंदवाड़ा.b जबलपुर संभाग में शामिल छिंदवाड़ा जिला तीन जिलों का संभागीय मुख्यालय बनेगा। इसमें छिंदवाड़ा के अलावा जबलपुर के बालाघाट और सिवनी जिले शामिल होंगे। रविवार को जन आशीर्वाद रैली में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस आशय की घोषणा की। गौरतलब है कि यह प्रदेश का ग्यारहवां संभाग होगा।

श्री सिंह ने जिले के किसानों को पेंच परियोजना के सारे पेंच खत्म कर अप्रैल माह में बांध का काम तेज गति से शुरू करने की बात भी कही। उन्होंने पाले से गेहूं की फसल में हुए नुकसान का सर्वे कर मुआवजा बांटे जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री बनने के बाद पांचवीं बार छिंदवाड़ा प्रवास पर आए श्री चौहान ने जनता से एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाने के लिए आशीर्वाद मांगा। अपने कार्यकाल में जनता के लिए किए गए प्रयासों का बखान करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस बुरी स्थिति में प्रदेश को छोड़ा था, उसे ठीक करने के लिए अभी और वक्त लगेगा।

उन्होंने जननी सुरक्षा योजना, लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं की खूब तालियां बंटोरीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब खेती घाटे का सौदा नहीं बल्कि फायदे का धंधा होगी। किसानों को बैंक से महज पांच फीसदी ब्याज दर पर कर्ज मिलेगा।

साल में एक बार पटवारी घर-घर जाकर किसानों को खसरा और किश्त बंदी की नकल देंगे। गरीब परिवारों को तीन रुपए किलो गेहूं दिया जाएगा। यदि राजस्व मामलों में किसानों को परेशानी हुई तो अब पटवारी नहीं तहसीलदार, एसडीएम और कलेक्टर सभी सस्पेंड होंगे। गेहूं की कालाबाजारी हुई तो राशन दुकान संचालकों को हथकड़ी पहनाकर जेल पहुंचाएंगे।

आडवाणी प्रधानमंत्री और शिवराज मुख्यमंत्री

सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि यदि प्रदेश में पुन: भाजपा की सरकार बनी तो शिवराज सिंह चौहान ही मुख्यमंत्री होंगे और केन्द्र में सरकार बनी तो लालकृष्ण आडवाणी प्रधानमंत्री। प्रदेश के विकास में जो काम बाकी रह गए हैं, वे सभी काम अगली सरकार में मुख्यमंत्री के रूप में शिवराज सिंह चौहान कर देंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: